बालोद। प्रेम प्रसंग में एसिड अटैक को अंजाम दिया गया था। कालेज छात्रा पर तेजाब फेंके जाने के मामले में प्रेमी ने ही पूरी वारदात को अंजाम दिया था। आपको बता दें कि कल दोपहर बालोद जिले में युवती पर एसिड अटैक को अंजाम दिया गया था। वारदात के कुछ ही घंटे में  मामले का पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है।

पुलिस ने घटना के महज 8 घंटे के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक जांच में वारदात के पीछे प्रेम प्रसंग और युवती से जुड़ा विवाद सामने आया है। घटना को लेकर पुलिस के मुताबिक, युवती का अपने प्रेमी के अलावा दूसरे लड़कों से बातचीत करना उसके बॉयफ्रेंड को पसंद नहीं था। इस बात को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था। आरोप है कि समझाइश के बावजूद युवती के नहीं मानने पर आरोपी ने अपने दोस्त के साथ मिलकर उस पर हमला करने की योजना बनाई।


दो महीने पहले बनाई थी योजना

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी ने करीब दो महीने पहले बीजापुर निवासी अपने दोस्त के साथ मिलकर वारदात की योजना बनाई थी। दोनों करीब दस दिन पहले गणेश झांकी के दौरान भी युवती पर हमला करने की फिराक में थे, लेकिन पुलिस की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था देखकर उन्होंने अपनी योजना टाल दी।

लाइब्रेरी से लौटते समय किया हमला

पुलिस के अनुसार, 5 अक्टूबर को युवती लाइब्रेरी से वापस लौट रही थी। इसी दौरान आरोपी के दोस्त ने मौका देखकर युवती पर एसिड फेंक दिया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की तलाश शुरू की और करीब 8 घंटे के भीतर दोनों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर वारदात में इस्तेमाल किए गए सामान और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटा रही है। मामले में पुलिस की जांच जारी है। युवती पर एसिड अटैक के पीछे की पूरी साजिश और आरोपियों की भूमिका को लेकर आगे और जानकारी सामने आने की संभावना है।

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *