



जशपुर। छत्तीसगढ़ की जशपुर पुलिस ने गांजा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार करते हुए उनके कब्जे से 2.40 करोड़ का गांजा बरामद किया है। पकड़े गए आरोपियों का तस्करी करने का तरीका चौकाने वाला था। आरोपियों ने टाटा आईसर ट्रक के अंदर मिर्ची की बोरियों के नीचे करीब 440 किलो गांजा छिपाकर रखे थे।
गिरफ्तार आरोपी
1. मो. वसीम, उम्र 28 वर्ष

2. मो. आसिफ, उम्र 34 वर्ष
दोनों निवासी ग्राम मुंडेरा, थाना ढूंमनगंज, जिला प्रयागराज, उत्तर प्रदेश।*
जानिए पूरा मामला
जशपुर जिले के डीआईजी एवं SSP डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश व ASP राकेश कुमार पाटनवार के नेतृत्व में जिले में नशे के सौदागरों के खिलाफ लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में आज 2 अक्टूबर की सुबह करीब 9 बजे जशपुर पुलिस की एंटी नारकोटिक्स टीम व थाना तपकरा पुलिस की संयुक्त टीम ने लावाकेरा पुलिस चेकिंग बैरियर पर एक टाटा आईसर मिनी ट्रक से 440.63 किलो अवैध गांजा बरामद कर दो तस्करों को गिरफ्तार किया है।
डीआईजी व SSP जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर जिले में मादक पदार्थों की तस्करी पर रोकथाम व प्रभावी कार्रवाई के लिए ओडिशा बॉर्डर से लगे लावाकेरा पुलिस चेकिंग पॉइंट पर विशेष एंटी नारकोटिक्स टीम को तैनात किया गया है। टीम द्वारा लगातार संदिग्ध वाहनों की चेकिंग की जा रही है।
संदिग्ध वाहनों की चेकिंग
इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ओडिशा की ओर से एक वाहन में गांजा लेकर तस्कर जशपुर जिले की सीमा में प्रवेश करने वाले हैं। सूचना पर आज 2 अक्टूबर को सुबह करीब 9 बजे लावाकेरा पुलिस चेकिंग बैरियर पर एंटी नारकोटिक्स टीम व थाना तपकरा पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा ओडिशा की ओर से आने वाले संदिग्ध वाहनों की चेकिंग की जा रही थी।
चेकिंग के दौरान उड़ीसा की ओर से आ रहे टाटा आईसर मिनी ट्रक क्रमांक UP-71-T-6592 को संदेह के आधार पर रोककर जांच की गई। वाहन में बैठे दो व्यक्तियों से पूछताछ करने पर उन्होंने अपना नाम मो. वसीम व मो. आसिफ दोनों निवासी ग्राम मुंडेरा थाना ढूंमनगंज प्रयागराज, उत्तर प्रदेश बताये।
मिर्ची की बोरियों के नीचे लोड था गांजा
पुलिस टीम द्वारा ट्रक में लोड सामान के संबंध में पूछताछ करने पर दोनों ने बताया कि ट्रक में मिर्ची की बोरियां लोड है, जिन्हें वे ओडिशा से लेकर उत्तर प्रदेश जा रहे है। सूचना मिलने पर पुलिस टीम द्वारा वाहन में लोड सामान की बारीकी से जांच की।
जांच के दौरान ट्रक के ऊपर की ओर मिर्ची से भरी बोरियां मिली। पुलिस टीम द्वारा इन बोरियों को हटाकर नीचे रखी बोरियों की जांच की गई, तो उनमें टेप से लिपटे हुए पैकेट मिले। पैकेटों को खोलकर जांच करने पर उनमें अवैध मादक पदार्थ गांजा पाया गया। पुलिस टीम द्वारा मौके पर गवाहों की उपस्थिति में जांच करने पर कुल 14 बोरियों में 440 पैकेट गांजा बरामद हुआ, जिसका कुल वजन 440.63 किलोग्राम पाया गया।
दो तस्कर गिरफ्तार
पकड़े गए दोनों व्यक्तियों से बरामद गांजे के संबंध में वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया, लेकिन उनके द्वारा कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किये। इस पर पुलिस टीम द्वारा दोनों को हिरासत में लेकर उनके कब्जे से 440.63 किलोग्राम गांजा एवं तस्करी में प्रयुक्त टाटा आईसर मिनी ट्रक क्रमांक UP-71-T-6592 जब्त किया गया।
बरामद गांजे की अनुमानित कीमत 2 करोड़ 20 लाख 31 हजार 500 रुपये और टाटा आईसर मिनी ट्रक की अनुमानित कीमत लगभग 20 लाख रुपये है। इस प्रकार मामले में पुलिस द्वारा कुल 2 करोड़ 40 लाख 31 हजार 500 रुपये की जब्ती की गई है। मामले में दोनों आरोपियों के विरुद्ध थाना तपकरा में धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जाँच में लिया गया है।
प्रारंभिक पूछताछ में पकड़े गए आरोपियों द्वारा बताया गया कि वे उक्त अवैध गांजा ओडिशा के बोध क्षेत्र से लेकर प्रयागराज, उत्तर प्रदेश जा रहे थे। पुलिस द्वारा गांजा किस व्यक्ति से खरीदा गया था तथा उत्तर प्रदेश में किस व्यक्ति तक पहुंचाया जाना था, इस संबंध में एंड-टू-एंड जाँच की जा रही है।
पुलिस द्वारा मामले में गांजा तस्करी से जुड़े अन्य व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। प्रकरण में जो भी व्यक्ति संलिप्त पाया जाएगा, उसके विरुद्ध भी कार्रवाई की जाएगी। पकड़े गए दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जाएगा।
16 प्रकरणों में लगभग 8 करोड़ का गांजा जब्त
जनवरी 2026 से अब तक जशपुर पुलिस द्वारा गांजा तस्करी के कुल 16 प्रकरणों में लगभग 8 करोड़ रुपये कीमत का 1906 किलोग्राम गांजा बरामद कर 22 तस्करों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। साथ ही तस्करी में प्रयुक्त 17 कार एवं 01 पिकअप वाहन जप्त किए जा चुके हैं। नशे के खिलाफ जशपुर पुलिस का ऑपरेशन आघात निरंतर जारी है।
