
अबुजा: इस्लामिक स्टेट ग्रुप (ISIS) के आतंकियों ने पूर्वोत्तर नाइजीरिया के एक गांव पर देर रात हमला कर भीषण रक्तपात मचाया। इस हमले में कम से कम 29 लोगों की मौत हो गई। राज्य के गवर्नर के अनुसार, यह हमला रविवार देर रात नाइजीरिया के अदामावा राज्य के गोम्बी स्थानीय सरकारी क्षेत्र में स्थित गुयाकू गांव में हुआ।
हमले के बाद इलाके में दहशत
स्थानीय प्रशासन के मुताबिक आतंकियों ने गांव में घुसकर अंधाधुंध गोलीबारी की, जिससे बड़ी संख्या में लोग मारे गए और कई घायल हो गए। इस हमले के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई है।

गवर्नर ने किया गांव का दौरा
इस हमले की जिम्मेदारी ISIS ने ली है। इस्लामिक स्टेट समूह ने टेलीग्राम मैसेजिंग ऐप पर एक संदेश के ज़रिए इस हमले की ज़िम्मेदारी ली। अदामावा राज्य के गवर्नर अहमदु उमरू फ़िंटिरी ने सोमवार को गांव का दौरा कर इस हमले की कड़ी निंदा की। उन्होंने इसे दुखद और अस्वीकार्य बताया। उन्होंने कहा कि सरकार आतंकवाद के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगी।


दशकों से सुलग रही है विद्रोह की आग
नाइजीरिया को उत्तरी हिस्से में सुरक्षा से जुड़ी कई चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। यहां दो दशकों से भी ज़्यादा समय से विद्रोह की आग सुलग रही है। फरवरी में अमेरिका ने यहां अपनी सेना भेजी थी, ताकि नाइजीरिया की सेना को सुरक्षा से जुड़ी चुनौतियों से निपटने में सलाह दी जा सके।
दो बड़े उग्रवादी संगठन सक्रिय
नाइजीरिया में ISIS के समर्थन वाले दो बड़े उग्रवादी संगठन सक्रिय हैं, लेकिन फिलहाल यह साफ़ नहीं हो पाया कि गुयाकी में हुए हमले के पीछे इनमें से कौन सा संगठन था। इस्लामिक स्टेट वेस्ट अफ्रीका प्रोविंस (ISWAP) के बारे में माना जाता है कि यह पूर्वोत्तर इलाके में, जिसमें अदामावा राज्य भी शामिल है, सक्रिय है। वहीं IS से जुड़ा एक और संगठन, जिसे स्थानीय तौर पर ‘लाकुरावा’ के नाम से जाना जाता है, अक्सर उत्तरी-मध्य राज्यों सोकोतो और केबी के दूरदराज के गांवों पर हमले करता रहता है।
गुयाकू गांव पर हमला उसी दिन हुआ, जिस दिन कुछ बंदूकधारियों ने उत्तरी-मध्य नाइजीरिया में स्थित एक अनाथालय पर धावा बोलकर 23 बच्चों को अगवा कर लिया था। बाद में इनमें से 15 बच्चों को सुरक्षित बचा लिया गया। वहीं सरकार ने बताया कि बाकी बचे आठ बच्चों को सुरक्षित वापस लाने और इस वारदात को अंजाम देने वाले अपराधियों को पकड़ने के लिए बड़े पैमाने पर अभियान चलाए जा रहे हैं।
