बेमेतरा। छत्तीसगढ़ बेमेतरा के थाना सिटी कोतवाली बेमेतरा क्षेत्रांतर्गत सिंघौरी में बीते महीने हुई चोरी के प्रकरण में गिरफ्तार 05 आरोपियों की विवेचना के दौरान अत्याधुनिक तकनीकी विश्लेषण से एक आरोपी मोहम्मद सुमोन खान पिता मोहम्मद सलाम खान, उम्र 24 वर्ष, निवासी रूस्तमनगर, थाना पार्वतीपुर, जिला दिनाजपुर, डिवीजन रंगपुर बांग्लादेश की पहचान बांग्लादेशी नागरिक के रूप में हुई।

बांग्लादेशी सुमोन खान ने भारत में प्रवेश करने के बाद कर्नाटक में फर्जी आधार, पेन कार्ड पहचान के दस्तावेज बनवाए। मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र और कर्नाटक इन चार राज्यों में अपने कई साथियों के साथ मिलकर विभिन्न अपराध और चोरियां की।


10 राज्यों की 14 जिलों में पुलिस ने की गहन पड़ताल

बेमेतरा पुलिस ने इस बांग्लादेशी, अवैध प्रवासियों के गैंग से जुड़े अन्य अपराधियों की पतासाजी के लिए विभिन्न राज्यों के 14 जिलों कांकेर, कोरिया, (छत्तीसगढ ) इन्दौर (मध्यप्रदेश) साइबराबाद (तेलंगाना) पूर्वी दिल्ली (दिल्ली)बड़गाम (जम्मू कश्मीर) दक्षिण दिनाजपुर, कृष्ण नगर, नादिया (पश्चिम बंगाल) बागलकोट, बेलगम (कर्नाटक) चंद्रपुर, नागपुर (महाराष्ट्र) कोरापुट (ओड़िशा) से संपर्क किया है।

इस अंदाज में आरोपी वारदात को देता था अंजाम

पूछताछ एवं विवेचना में पता चला कि आरोपी बिना वैध वीजा एवं पासपोर्ट के अवैध रूप से भारत में रह रहा था। वह अलग-अलग जिलों में बर्तन बेचने के नाम पर किराए से मकान लेकर गांव-गांव, गली-मोहल्लों में घूम-घूम कर चोरी की घटनाएं करता था। आरोपी जहां भी किराए से रहा, वहां उस क्षेत्र में चोरी की वारदातें की। किराए पर रहने के दौरान उसके कई साथी भी आते थे और उनके साथ मिलकर भी चोरी करता था।

आरोपी मोहम्मद सुमोन खान बांगलादेशी होने के बाद बिना वीसा पासपोर्ट के इतने सालों से अवैध रूप से यहां रह रहा था किसी को पता नहीं चला। लोगों द्वारा किराए के मकान देने से पहले इसकी सूचना पुलिस को नहीं दी गई। क्या पता और कई बांगलादेशी आज भी किसी किराए के मकान में किराए से रह रहा हो।

आपराधिक घटनाएं जिसे दिया अंजाम

आरोपी के विरुद्ध जिला कबीरधाम, बेमेतरा, मुंगेली एवं राजनांदगांव के विभिन्न थानों में चोरी, नकबजनी एवं आर्म्स एक्ट के लगभग 07 प्रकरण दर्ज है। वर्ष 2019 में बेमेतरा में चोरी, कवर्धा में 4-5 चोरी, वर्ष 2022 में राजनांदगांव में चोरी, कर्नाटक में लूट एवं नागपुर में आर्म्स एक्ट के प्रकरण में जेल जा चुका है। जुलाई 2026 में जेल से छूटने के बाद पुनः बेमेतरा चोरी प्रकरण में गिरफ्तार किया गया है।

बेमेतरा पुलिस की अपील

अवैध अप्रवासी, संदिग्ध व्यक्ति: यदि आपके क्षेत्र में कोई बाहरी व्यक्ति, महिला एवं बच्चों सहित संदिग्ध रूप से आकर किराए पर रह रहा हो तो तत्काल टोल फ्री नंबर 1800-233-1905 पर सूचना दें। सूचना देने वाले का नाम पूर्णतः गोपनीय रखा जाएगा।

मकान मालिकों से अपील: कोई भी बाहरी व्यक्ति को मकान किराए पर देने से पूर्व उसकी पूर्ण जानकारी एवं दस्तावेजों का सत्यापन कर उसकी सूचना नजदीकी थाने में अवश्य दें।

यह अभियान जिले में अपराध पर अंकुश लगाने एवं सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है। बेमेतरा पुलिस, कानून व्यवस्था बनाए रखने हेतु कृतसंकल्पित है और इस कार्य में आमजन की सहभागिता अपेक्षित है।

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *