


भिलाईनगर – भिलाई-3 क्षेत्र की एक महिला द्वारा स्वयं को पत्रकार बताने वाले दो व्यक्तियों पर ब्लैकमेलिंग, बदनाम करने की धमकी और रुपए वसूलने का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई गई है। पुलिस ने मामले में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, नेहा मिश्रा, निवासी दीनदयाल कॉलोनी, उमदा, भिलाई-3 ने थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दी है। शिकायत में बताया गया है कि वह पिछले पांच वर्षों से ग्राम उमदा में ग्राहक सेवा केंद्र का संचालन कर रही हैं।
महिला का आरोप है कि कुछ दिन पूर्व सागर साहू और उसके साथी पुष्पराज आधार कार्ड की फोटोकॉपी कराने के बहाने उनके ग्राहक सेवा केंद्र पहुंचे। इसके बाद उन्होंने कुछ लोगों को साथ लेकर बातचीत की वीडियो रिकॉर्डिंग की और कथित रूप से उनकी बातों को तोड़-मरोड़कर न्यूज वीडियो के रूप में प्रस्तुत किया।

शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने वीडियो हटाने के बदले 50 हजार रुपए की मांग की। बदनामी के डर से महिला ने 3 जून 2026 को थाना भिलाई-3 के पीछे 35 हजार रुपए देने का दावा किया है। महिला का कहना है कि रकम मिलने के बाद वीडियो हटा दिया गया, लेकिन बाद में आरोपियों ने दो लाख रुपए की अतिरिक्त मांग की और रकम नहीं देने पर और वीडियो बनाकर बदनाम करने की धमकी दी।
महिला ने आरोप लगाया है कि रकम नहीं देने पर उसके संबंध में तीन से अधिक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर प्रसारित किए गए, जिससे उसकी सामाजिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचा और उसे मानसिक प्रताड़ना का सामना करना पड़ा। पुलिस के अनुसार शिकायत के परीक्षण के बाद प्रथम दृष्टया मामला पाए जाने पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 308(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी गई है। मामले की विवेचना जारी है तथा तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
