भिलाई [न्यूज़ टी 20] इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा जेईई मेन 2022 को स्थगित कर दिया गया है। परीक्षा आयोजित कराने वाली एजेंसी एनटीए ने इस बाबत बुधवार को आधिकारिक नोटिस जारी कर दिया है।

अप्रैल सत्र को जून और मई सत्र को जुलाई तक स्थगित किया है। एनटीए ने टि्वटर पर इसकी घोषणा की। वहीं, मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट-यूजी 17 जुलाई को आयोजित की जाएगी। इसके लिए पंजीकरण प्रक्रिया बुधवार से शुरू हो गई है।


एनटीए की ओर से संशोधित कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। संयुक्त प्रवेश परीक्षा, जेईई मेन 2022 को 2022 के बोर्ड परीक्षा कैलेंडर के साथ टकराने के कारण स्थगित किया गया है। कई परीक्षार्थियों ने इस बाबत एनटीए से शिकायत की थी।

जिसके बाद परीक्षा कराने वाली एजेंसी ने यह निर्णय लिया। पहला सत्र 21, 24, 25, 29 अप्रैल, और 1 और 4 मई, 2022 को आयोजित होने वाला था। अब यह 20-29 जून तक आयोजित किया जाएगा।

इसी तरह दूसरा सत्र जो 24 से 29 मई तक होना था, अब 21 जुलाई से 30 जुलाई के बीच आयोजित किया जाएगा। संशोधित कार्यक्रम का पूरा ब्योरा nta.ac.in, jeemain.nta.nic.in पर देख सकते हैं।

वहीं, एनटीए ने बताया कि नीट का आयोजन देशभर के केंद्रों पर 13 भाषाओं में आयोजित की जाएगी। एजेंसी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ऑनलाइन आवेदन पत्र जमा करने की अंतिम तिथि 6 मई तय की गई है।

उम्मीदवारों को सूचना बुलेटिन और एनटीए वेबसाइट पर दिए गए निर्देशों का सख्ती से पालन करना चाहिए। निर्देशों का पालन नहीं करने वाले उम्मीदवारों को परीक्षा के लिए अयोग्य घोषित कर दिया जाएगा।

पिछले साल, नीट यूजी 12 सितंबर को आयोजित की गई थी, जिसमें 95 प्रतिशत से अधिक पंजीकृत उम्मीदवार शामिल हुए थे। परीक्षा में 15.44 लाख से अधिक उम्मीदवार बैठे थे।

यह 2021 में 13 भाषाओं में 3,858 केंद्रों पर आयोजित की गई थी। 8.70 लाख से अधिक उम्मीदवारों ने परीक्षा उत्तीर्ण की थी।

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed