छत्तीसगढ़ में कई कांग्रेस नेताओं के घर पर सोमवार सुबह ED ( प्रवर्तन निदेशालय) ने रेड मारी है। इसमें विधायक से लेकर पदाधिकारी भी शमिल हैं। टीम अचानक सुबह पहुंची थी। जिसके बाद से जांच जारी है। उधर, इस रेड का कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध शुरू कर दिया है। कई जगह पर कांग्रेस नेता सड़क पर उतर गए हैं और प्रदर्शन कर रहे हैं। महापौर, सीनियर विधायक समेत कई नेता अलग-अलग जगह इस विरोध की कमान संभाल रहे हैं।

रायपुर में कांग्रेस नेता विनोद तिवारी के घर पर भी ईडी ने दबिश दी है। इसी के विरोध में कांग्रेस जिला अध्यक्ष गिरीश दुबे, रायपुर ग्रामीण से कांग्रेस विधायक सत्यनारायण शर्मा अपने कई कार्यकर्ताओं के साथ तिवारी के घर पहुंच हुए हैं। इस दौरान गिरीश दुबे की ईडी के अधिकारियों से बहस हुई है। गिरीश ने कहा कि अंदर जो घर के लोग हैं। उन्हें परेशानी नहीं होनी चाहिए। हमारी माता जी को परेशानी नहीं होनी चाहिए। यदि ऐसा हुआ तो हम एक से डेढ़ हजार लोग अंदर घुस जाएंगे।


गिरीश ने कहा कि आप हमें कह रहे हैं कि नीचे बैठिए हम बैठे हैं। आप लोगो स्वतंत्र हैं। जांच करने के लिए। मगर किसी को परेशानी नहीं होनी चाहिए। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने नीचे ही बैठकर विरोध शुरू कर दिया है। केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी का जा रही है। कुछ नेता बैंड बजवाकर भी इस जांच का विरोध कर रहे हैं। नेताओं का कहना है कि भाजपा सीएम भूपेश की लोकप्रियता से घबरा गई है। इसलिए ऐसा किया जा रहा है।

विधायक ने तिवारी की मां से बातचीत की

विरोध करने पहुंचे सत्यनारायण शर्मा ने विनोद तिवारी की मां से मुलाकात करने की कोशिश की। मगर ईडी के अफसरों ने उन्हें अंदर जाने नहीं दिया। इसके बाद शर्मा ने बाहर से ही विनोद तिवारी की मां से बातचीत की। उन्होंने पूछा कि आपको कोई दिक्कत तो नहीं है। फिर वह नीचे लौट गए।

महापौर और विधायक जुनेजा भी कर रहे विरोध

वहीं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रामगोपाल अग्रवाल के घर पर भी ईडी की कार्रवाई जारी है। वहां रायपुर के महापौर एजाज ढेबर, रायपुर उत्तर से विधायक कुलदीप जुनेजा पहुंचे हुए हैं। इनके साथ बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता भी मौजूद हैं। यहां भी जमकर विरोध किया जा रहा है। महापौर और दूसरे नेताओं ने रघुपति राघव राजा राम गाकर विरोध जताया है।

भजन-कीर्तन कर जताया विरोध

उधर, भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव के घर में ईडी के छापे के बाद उनके सेक्टर 5 स्थित निवास के बाहर सैकड़ों की संख्या में कांग्रेस समर्थक धरने पर बैठ गए हैं। ‌‌वे सुबह 11 बजे से भजन और हनुमान चालीसा का पाठ करके ईडी और मोदी के खिलाफ नारेबाजी कर रहे हैं। ईडी की टीम सुबह 6 बजे से विधायक देवेंद्र यादव के सेक्टर 5 स्थित निवास और उनके भाई और कांग्रेस नेता धर्मेंद्र यादव के हाउसिंग बोर्ड स्थित आवास में जमी हुई है।

ईडी के अधिकारी अंदर जांच कर रहे हैं और किसी को भी अंदर से बाहर और बाहर से अंदर नहीं जाने दे रहे हैं। विधायक के घर में ईडी रेड की सूचना मिलते ही उनके निवास में बड़ी संख्या में कांग्रेस पार्षद और अन्य नेता और कार्यकर्ता पहुंच गए। उन्होंने कार्रवाई का विरोध किया। इस दौरान किसी को भी बंगले के अंदर नहीं जाने दिया गया। इससे सभी कार्यकर्ता बंगले के मुख्य गेट के बाहर ही ढोलक, मजीरा और झांझ लेकर बैठ गए हैं। भजन कीर्तन कर इस जांच का विरोध कर रहे हैं।

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed