
सूरजपुर। जिले से मानवता को शर्मसार कर देने वाली एक दर्दनाक घटना सामने आई है। सूरजपुर और कोरिया जिले की सीमा पर स्थित गोबरी नदी किनारे बने शिव मंदिर में एक दुधमुंही बच्ची लावारिस हालत में मिली है। बच्ची की उम्र करीब दो माह बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, नेशनल हाईवे-43 के पास स्थित शिव मंदिर परिसर में सुबह लोगों ने बच्ची के रोने की आवाज सुनी। जब आसपास मौजूद लोगों ने जाकर देखा तो मंदिर के पास एक मासूम बच्ची अकेली पड़ी हुई थी। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई।

प्राथमिक आशंका जताई जा रही है कि रात के अंधेरे में कोई अज्ञात व्यक्ति बच्ची को मंदिर में छोड़कर फरार हो गया। बच्ची को सुरक्षित अपने कब्जे में लेकर पुलिस और स्थानीय प्रशासन ने उसकी देखभाल की व्यवस्था की है।


घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। स्थानीय लोग इस अमानवीय कृत्य की कड़ी निंदा कर रहे हैं। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ कर रही है। मंदिर व हाईवे के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है ताकि बच्ची को छोड़ने वालों का पता लगाया जा सके। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
