मुंगेली। छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले से गुरु शिष्य के रिश्ते को शर्मसार कर देने वाला एक मामला सामने आया है, जहां, शासकीय प्राथमिक शाला खपरी के प्रभारी प्रधान पाठक अनुज कुमार धृतलहरे ने 12 साल की छात्रा के साथ छेड़छाड़ की है। छात्रा के पिता की शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी को जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है। यह पूरा मामला पथरिया थाना क्षेत्र का है।

क्या है पूरा मामला ?

राजेंद्र यादव ने थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि उसकी 12 साल की बेटी शासकीय प्राथमिक शाला खपरी में कक्षा तीसरी की छात्रा है। स्कूल के प्रभारी प्रधान पाठक अनुज कुमार धृतलहरे ने आज उन्हें फोन कर कहा कि वह उसकी बेटी के लिए आम लाया है, तो उसको अकेले स्कूल भेज दो, जिसके बाद छात्रा को प्रभारी प्रधान पाठक के पास भेज दिया गया।


छात्रा ने बताई आपबीती

कुछ देर बाद वो रोते-रोते घर पहुंची, तो उसकी मां ने उससे पूछताछ की तब छात्रा ने अपने साथ हुई छेड़छाड़ की जानकारी दी। उसने बताया कि प्रभारी प्रधान पाठक ने उसके कमर और सीने को छुआ, जिसके बाद छात्रा के पिता ने इसकी जानकारी गांव के सरपंच पति और अन्य ग्रामीण को दी। इसके बाद थाने में लिखित शिकायत की गई।

मामला दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस

शिकायत के बाद एक्शन में आई पुलिस ने शासकीय प्राथमिक शाला खपरी के प्रभारी प्रधान पाठक अनुज कुमार धृतलहरे के खिलाफ पथरिया थाने में पास्को की धारा में अपराध पंजीबद्ध कर धारा 74 एवं बी एन एस लैंगिक अपराधों से बालको का संरक्षण अधिनियम 2012 की धारा 8 के तहत मामला दर्ज किया। वहीं अब उसे जेल भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *