दुर्ग। बच्चों के बीच लोकप्रिय चॉकलेटेड बिस्किट चोको पाई को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। दुर्ग जिले में खाद्य एवं औषधि विभाग ने जांच में एक पूरे बैच को अमानक पाए जाने के बाद उसकी बिक्री और भंडारण पर तत्काल रोक लगा दी है। अब विभाग पूरे छत्तीसगढ़ में इस उत्पाद पर प्रतिबंध लगाने की तैयारी कर रहा है।

मामला दक्षिण कोरिया के लोट्टे ग्रुप के चोको पाई ब्रांड से जुड़ा है। विभाग के मुताबिक भोपाल में हुई जांच के बाद अब सैंपल को दिल्ली स्थित केंद्रीय लैब में भी जांच के लिए भेजा जाएगा। दो दिन पहले मिली जांच रिपोर्ट में एनएम 10 डीसी 2, 672 ग्राम पैक वाला पूरा बैच अमानक पाया गया।


रिपोर्ट सामने आने के बाद दुर्ग जिले में इस बैच की बिक्री और स्टोरेज पर रोक लगा दी गई है। खाद्य एवं औषधि विभाग के अधिकारी जितेंद्र नेले के मुताबिक, पूरे राज्य में प्रतिबंध लगाने के लिए कमिश्नर दुर्ग को पत्र भेजा गया है।

डिस्ट्रीब्यूटर और कंपनी से मांगी गई बैच की जानकारी

विभाग ने दुर्ग के डिस्ट्रीब्यूटर और चेन्नई स्थित कंपनी से इस बैच से जुड़ी पूरी जानकारी मांगी है। इसके जरिए यह पता लगाया जाएगा कि संबंधित बैच का कुल कितना उत्पादन हुआ था और देश के किन-किन राज्यों में इसकी सप्लाई की गई।

दुकानदारों को भी निर्देश दिए गए हैं कि उनके पास मौजूद इस बैच की चोको पाई को डिस्ट्रीब्यूटर के पास वापस लौटाया जाए। चूंकि यह उत्पाद बच्चों के बीच काफी लोकप्रिय है और छोटी दुकानों से लेकर बड़े स्टोर्स तक इसकी बिक्री होती है, इसलिए विभाग मामले को गंभीरता से ले रहा है।

दिल्ली की केंद्रीय लैब की रिपोर्ट का इंतजार

फिलहाल दुर्ग में चोको पाई के संबंधित बैच की बिक्री पर पूरी तरह रोक है। अब दिल्ली स्थित केंद्रीय लैब की जांच रिपोर्ट और कंपनी से मिलने वाली जानकारी के बाद स्थिति और स्पष्ट होगी। इससे यह पता चलेगा कि मामला केवल दुर्ग जिले तक सीमित है या संबंधित बैच की सप्लाई देश के अन्य राज्यों तक भी हुई है।

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *