दुर्ग। जामुल थाना क्षेत्र में चोरी के दो अलग-अलग मामलों का दुर्ग पुलिस ने खुलासा किया है। सूने मकानों में चोरी करने वाले मुख्य आरोपी सहित 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। पीड़ित हाउसिंग बोर्ड निवासी सिम्मी अहिरवार ने थाने में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।

उन्होंने बताया कि 13 अप्रैल की रात्रि अज्ञात आरोपी उनके सूने मकान का दरवाजा तोड़कर घर में प्रवेश कर आलमारी में रखे लाखों रुपए नगदी एवं चांदी के सामान चोरी कर ले गया। पीड़ित की रिपोर्ट पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया। इसी प्रकार प्रार्थी देव सिंह थापा निवासी हाउसिंग बोर्ड भिलाई ने भी चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।


उन्होंने बताया कि वे अपने परिवार सहित विवाह कार्यक्रम में शामिल होने बाहर गए हुए थे। इस दौरान अज्ञात चोरों ने मकान का ताला एवं आलमारी का लॉकर तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात, नगदी रकम एवं घरेलू सामान चोरी कर लिया। चोरी की रिपोर्ट पर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच में लिया।

एसीसीयू एवं थाना जामुल की संयुक्त टीम ने सीसीटीवी फुटेज, मुखबिर सूचना एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर लगातार पतासाजी और जांच के दौरान संदेह के आधार पर आदतन आरोपी अर्जुन सिंह उर्फ गोरखा उर्फ सुखविन्द्रर उर्फ सरदार को घेराबंदी कर पकड़ा गया। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया। आरोपियों के कब्जे से चोरी के सोने-चांदी के जेवरात, घरेलू सामान एवं अन्य मशरूका बरामद किया गया।

गिरफ्तार आरोपी और जब्त सामग्रियां

गिरफ्तार आरोपियों में अर्जुन सिंह उर्फ गोरखा, सोनू सरदार उर्फ पुच्ची, तोप सिंह बंजारे, शेख रशीद, हेमा जांगड़े,रूबी कौर, और एक नाबालिग शामिल हैं।

आरोपियों के कब्जे से सोने की अंगूठी 01 नग, सोने का हार 01 नग, सोने का लॉकेट 01 नग, कान की बाली 01 जोड़ी, चांदी का पायल 01 जोड़ी, चांदी की बिछिया 01 जोड़ी, चांदी का कड़ा 01 जोड़ी, चांदी की चेन 01 नग, चांदी का सिक्का 01 नग, चांदी का लोटा 01 नग, एलसीडी टीवी 01 नग, वीवो कंपनी का मोबाइल फोन 02 नग, घटना में प्रयुक्त एक्टिवा, दरवाजा तोड़ने में प्रयुक्त औजार जब्त किया गया है। जब्त सामग्रियों की कुल अनुमानित मशरूका कीमत लगभग 05 लाख रुपए है।

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *