Chhattisgarh traditional cloth

भिलाई[ न्यूज़ टी 20] रायपुर / तीन दिनों तक चलने वाले छत्तीसगढ़ के पारंपरिक तीजा- पोरा पर्व/ त्यौहार का उत्साह अब बड़े जोरों पर दिखाई पड़ रहा है। बाजारों से लेकर सड़को और गली महल्लों तक में रौनक है और तिजहरिन माता-बहनें, किसान भाई और आम जन इस त्यौहार को पूरे उत्साह के साथ मनाने हेतु तैयारियों में जुटे हुए हैं। तीजा- पोरा पर्व के अवसर पर मुख्यमंत्री निवास पर पिछले वर्षाे की तरह इस वर्ष भी 27 अगस्त को सुबह 10.00 बजे से भव्य उत्सव का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए यहां बड़े जोर-शोर से तैयारियां चल रही हैं।

ठेठ पारंपरिक अंदाज में मुख्यमंत्री निवास के प्रांगण को सजाया जा रहा है। यहां का पूरा माहौल उत्सव के अनुरूप रंग- बिरंगा और हमारी छत्तीसगढ़िया संस्कृति की झलक को बड़ी ही अनोखी तरह से दिखाता हुआ नजर आ रहा है। साथ ही ढेर सारी नंदी बैल इस प्रांगण में जगह- जगह सजे नजर आ रहे हैं,  जो छत्तीसगढ़ की संस्कृति का एक अभिन्न अंग हैं। ये सभी चीजे समृद्धि और खुशहाली का एहसास दिला रहे हैं। सूपा और टोकनी की आकृति पर रंगों की खूबसूरत कारीगरी के साथ इन्हें जगह-जगह बेहद निराले अंदाज में सजाया गया है।


रंग-बिरंगे तोरण और पारंपरिक कलाकारी, उत्सव की थीम यहां की खूबसूरती को बढ़ा रही है। मुख्यमंत्री निवास का माहौल ठेठ छत्तीसगढ़िया तीजा- पोरा वाला दिखाई पड़ रहा है। प्रदेश के मुखिया मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने छत्तीसगढ़ के माताओं- बहनों से अपील की है, कि वे इस उत्सव में शामिल होकर मुख्यमंत्री निवास की शोभा बढ़ाएं। साथ ही उत्सव में महिला पत्रकारों को भी विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है। तिजरहिन माता- बहनें मुख्यमंत्री निवास को अपना मायका समझकर यहां आएं, उनका स्वागत और अभिनन्दन है।

Share on