भिलाई। कोरोना संक्रमण के बाद से शहर की बंद पड़ी सिटीबस सेवा आखिरकार शुरू कर दी गई। सुपेला बस डिपो से गुरुवार को 8 बसों को रवाना किया गया। दुर्ग से कुम्हारी व रायपुर सहित चार रूट के लिए शुरूआती दिन 8 बसों को रवाना किया गया है। बताया जा रहा है जैसे-जैसे बस अपडेट होंगे वैसे-वैसे बाकि बसों को भी सड़क पर दौड़ाया जाएगा। आज निगम के महापौर नीरज पाल ने इन बसों को हरी झंडी दिखाई।

बता दें 24 मार्च 2020 में लाकडाउन लगने के बाद से दुर्ग-भिलाई में सिटी बसों के पहिए थम गए थे। उसके बाद से सिटी बसों को डिपो में ही खड़ा कर दिया गया। लगभग 32 माह से शहर सिटी बसें बंद पड़ी हुई। स्थिति सामान्य होने के बाद भी इनका संचालन शुरू नहीं किया। दो साल से डिपो में खड़ी होने के कारण ज्यादातर बसें कंडम हो गई हैं। स्थिति सामान्य होने के बाद सिटी बसों के संचालन की मांग उठी।

जून में की गई थी घोषणा

इससे पहले दुर्ग जिला प्रशासन ने शहर में 69 सिटी बसों को संचालित करने का निर्णय लिया था। जिला प्रशासन ने जुलाई 2022 से सिटी बसों को 17 रूट पर चलाने की घोषणा की थी। जिला प्रशासन ने घोषणा तो कर दी लेकिन बसों की कंडम स्थिति के कारण तय समय पर यह संभव नहीं हो सका। अब दिसंबर माह में इन बसों को शुरू किया जा रहा है। गुरुवार को 8 बसों को हरी झंडी दिखाई गई। इन बसों को चार रूट में चलाने का निर्णय लिया गया है।

इस रूट पर चलेंगी बसें

गुरुवार को शुरू हुई 8 बसों में दो बसें दुर्ग रेलवे स्टेशन से कुम्हारी तक चलेंगी। कुम्हारी से रायपुर रेलवे स्टेशन तक दो बसों को चलाया जाएगा। इसके अलावा दो बसों को पाटन व दो बसों को कचांदुर तक चलाया जाएगा।। बताया जा रहा है डिपो में कंडम बसों को बनाने का काम किया जा रहा है। जैसे जैसे बसें ठीक हो जाएंगी उसके अनुसार उन्हें शुरू किया जाएगा। फिलहाल यह देखा जाएगा कि दो बसों के टाइमिंग में कितना अंतर होता है दिन में कितने चक्कर लगा सकते हैं।

मीडिया कर्मियों के लिए फ्री रहेगी सिटी बस

भिलाई शहर में सिटी बस सर्विस शुरू होने के बाद मीडिया कर्मियों के लिए संचालक एजेंसी ने बड़ी घोषणा की है। सिटी बस की रवानगी से पहले इसका संचालन करने वाले रिलायंस बस सर्विस के प्रोपराइटर फिरोज खान राठौर ने कहा कि मीडिया कर्मियों के लिए बस सेवा पुरी तरह से फ्री रहेगी। मीडिया कर्मी अपना आईकार्ड दिखाकर बस में नि:शुल्क सफर कर सकते हैं। मीडिया कर्मी किसी भी रूट पर सिटी बसों में फ्री सफर कर सकेंगे।

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *