



बिलासपुर। छत्तीसगढ़ बिलासपुर के चकरभाठा क्षेत्र में 12 साल की नाबालिग बच्ची का अपहरण कर उसके साथ दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए 22 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बच्ची को भी आरोपी के कब्जे से मुक्त कर लिया है।
प्रकरण में आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 137(2), 64(2)(एम) तथा पाक्सो एक्ट की धारा 4 और 6 के तहत कार्रवाई की जा रही है। डीएसपी राजेश जोशी ने बताया कि बच्ची के परिजन ने 15 जुलाई को चकरभाठा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उनकी 12 वर्ष चार माह की नाबालिग बच्ची को कोई अज्ञात व्यक्ति बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है।

शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीर और संवेदनशील मानते हुए अधिकारियों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद थाना स्तर पर टीम गठित कर बच्ची की तलाश और आरोपित की पतासाजी शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस टीम ने विभिन्न स्तरों पर जानकारी जुटाई।
इसी बीच आरोपित के संबंध में सटीक सूचना मिलने पर पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ा और उसके कब्जे से नाबालिग बच्ची को बरामद कर लिया। बच्ची से विधिवत पूछताछ की गई। पुलिस के मुताबिक, बच्ची ने बताया कि आरोपी राकेश जांगड़े उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था और उसके साथ दुष्कर्म किया।
इसके बाद पुलिस ने आरोपी राकेश जांगड़े निवासी डीगोरा चरोटी थाना पथरिया जिला मुंगेली को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में उसने घटना करना स्वीकार किया। आरोपपी को विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस द्वारा उसे न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेजने की कार्रवाई की जा रही है।
