
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में बीटेक के छात्र ने अशोक रतन अपार्टमेंट की 6वीं मंजिल से कूदकर जान दे दी। छात्र का नाम गौरव जायसवाल था और दुर्ग के भिलाई स्थित कॉलेज में बीटेक की पढ़ाई कर रहा था। बताया जा रहा है कि छात्र पिछले कुछ दिनों से परेशान था। हालाँकि, पुलिस को मृतक के पास से किसी तरह को कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। मामले में आगे की जांच कार्रवाई पुलिस द्वारा की जा रही है।
जानिए पूरा मामला
यह पूरा मामला पंडरी थाना क्षेत्र के अशोक रतन अपार्टमेंट का है। मृतक छात्र गौरव जायसवाल भिलाई में पढ़ाई कर रहा था और पंडरी के अशोक रतन में रहता था। आज सुबह 11ः30 बजे छात्र ने अपार्टमेंट की ब्लाॅक नंबर-09 की 6वीं मंजिल से छलांग लगा दी। छात्र जैसे ही नीचे गिरा तो जमकर आवाज आई, जिसके बाद अपार्टमेंट के अंदर रह रहे लोग बाहर निकले।

इस दौरान गौरव अपार्टमेंट के नीचे पड़ा था। लोगों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। छात्र ने ऐसा आत्मघाती कदम क्यों उठाया, इसकी जांच पुलिस द्वारा की जा रही है। छात्र की मौत के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस घटना में मर्ग कायम कर जाँच कर रही है।


जांच में पता चला है कि छात्र बीते कुछ दिनों से परेशान चल रहा था। परिजनों से भी ज्यादा बातचीत नहीं करता था, गुमशुम रहता था। फिलहाल पुलिस को मृतक के पास से किसी तरह का कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस मृतक के दोस्तों और परिजनों से घटना को लेकर पूछताछ कर रही है। जांच के बाद ही पता चल पाएगा कि मौत का असली कारण क्या था? और छात्र ने ऐसा आत्मघाती कदम क्यों उठाया।
