दुर्ग/ दुर्ग जिले के भिलाई में बीबीए की पढ़ाई कर रहे एक छात्र की लाश घर के कमरें में फांसी के फंदे पर मिलने से हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि मृतक छात्र के पिता डीएसपी है, जो कि घटना के वक्त विधानसभा में ड्यूटी पर थे, जबकि छात्र की मां और बहन शादी में शामिल होने जबलपुर गई हुई थी। पुलिस ने इस घटना पर मर्ग कायम कर घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक ये घटना भिलाई के स्मृति नगर चौकी क्षेत्र का है। जहां मृतक छात्र आयुष अपने परिवार के साथ प्रथम वाहिनी बटालियन के पीछे स्थित कॉलोनी में रहता था। उसके पिता संतोष झारिया भिलाई के प्रथम वाहिनी बटालियन में डीएसपी के पद पर पदस्थ हैं। बताया जा रहा है कि आयुष रूंगटा कालेज में बीबीए प्रथम वर्ष का छात्र था।


गुरुवार रात जब संतोष झारिया ड्यूटी से घर लौटे, तो उन्होंने रोज की तरह बेटे को आवाज लगाई। लेकिन कमरे से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। संदेह होने पर उन्होंने खिड़की से झांककर देखा, जहां आयुष फंदे से लटका हुआ नजर आया। यह दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए। घटना की सूचना मिलते ही स्मृति नगर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची।

पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव को नीचे उतारा और पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भिजवाया। मामले में पुलिस ने मर्ग कायम कर घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आत्महत्या के पीछे का स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। आयुष पढ़ाई कर रहा था और सामान्य दिनचर्या में था।

फिलहाल पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है, ताकि घटना के कारणों का पता लगाया जा सके। इस घटना ने एक बार फिर युवाओं में बढ़ते मानसिक दबाव और तनाव को लेकर चिंता बढ़ा दी है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही आत्महत्या के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *