



दुर्ग। दुर्ग में नगर सेना में नौकरी लगाने का झांसा देकर 6 लाख 30 हजार रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को पुलगांव पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान इसरार खान (44 वर्ष), निवासी चंदखुरी के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक आरोपी ने नौकरी लगवाने का भरोसा दिलाकर पीड़ित से 15 अलग-अलग किस्तों में कुल 6.30 लाख रुपये लिए थे। काफी समय बीतने के बाद भी नौकरी नहीं लगी तो पीड़ित ने अपने पैसे वापस मांगे। आरोप है कि रकम लौटाने के बजाय इसरार खान ने उसके साथ गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार किया।

शिकायत मिलने के बाद पुलगांव थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और आरोपी इसरार खान को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ और आवश्यक कार्रवाई के बाद पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।
