जांजगीर।छत्तीसगढ़ जांजगीर जिले के चांपा क्षेत्र स्थित कुदरी बैराज से एक युवक के नदी में कूदने की सूचना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।बताया जा रहा है की युवक ने कक्षा 11 वीं के परिणाम खराब आने पर यह आत्मघाती कदम उठाया है। घटना मंगलवार शाम करीब 5 बजे की बताई जा रही है, जब चांपा की ओर से आ रहे एक ऑटो चालक ने बैराज के कार्यालय पहुंचकर जानकारी दी, एक युवक ने बैराज के ऊपर अपना मोबाइल फोन फेंका और उसके बाद नदी में छलांग लगा दी।

सूचना देने के बाद ऑटो चालक मड़वा की ओर रवाना हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही बैराज में तैनात चौकीदार तत्काल मौके पर पहुंचे और करीब 15-20 मिनट तक आसपास क्षेत्र का निरीक्षण किया, किसी भी तरह का स्पष्ट सुराग नहीं मिल पाया। इसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही चांपा थाना पुलिस और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची।


हसदेव नदी में कुदरी बैराज के पास सघन तलाश अभियान शुरू किया। घटना के करीब 20 घंटे बीत जाने के बावजूद युवक का अब तक कोई पता नहीं चल सका है। बैराज के पहले हिस्से में पानी का अधिक भराव होने के कारण इसी हिस्से में डूबने की आशंका जताई जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार लापता युवक शंकर नगर, चांपा का निवासी बताया जा रहा है।

युवक की पहचान शिवम साहू के रूप में हुई है, जिसने अपने परिचित को फोन कर परीक्षा परिणाम खराब आने से परेशान होकर कूदने की बात कही थी। इसके बाद से उसका मोबाइल बंद आ रहा है। फिलहाल चांपा थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।

पुलिस मामले की जांच कर रही है और बैराज व आसपास के क्षेत्रों में लगातार सर्च ऑपरेशन जारी है। अधिकारियों का कहना है, छात्र के बारे में ठोस जानकारी मिलने तक तलाश अभियान जारी रहेगा।

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *