दुर्ग/उतई: दुर्ग जिले के उतई थाना क्षेत्र में पांच वर्षीय मासूम के साथ हुई दुष्कर्म की घटना और बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस नेताओं पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। जिला कांग्रेस कमेटी (ग्रामीण) के अध्यक्ष राकेश ठाकुर सहित 9 कांग्रेसी नेताओं को पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार किया। हालांकि, कुछ समय बाद सभी को मुचलके पर रिहा कर दिया गया।

क्या है पूरा मामला?

विगत दिनों गृहमंत्री विजय शर्मा के पुतला दहन के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झूमाझपटी हुई थी। इस दौरान पुतला छीनने की कोशिश कर रहे सिविल ड्रेस में तैनात आरक्षक गिरधर मंडावी का हाथ आग की चपेट में आने से झुलस गया था। पुलिस ने इस मामले में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 191(2) एवं 221 के तहत केस दर्ज किया था। इसी जांच के सिलसिले में रविवार को राकेश ठाकुर समेत अन्य नेताओं को थाने बुलाया गया और उनकी गिरफ्तारी की गई।


गिरफ्तार होने वाले प्रमुख नाम: राकेश ठाकुर (जिलाध्यक्ष), प्रहलाद वर्मा (पूर्व पार्षद), द्वारिका साहू (नेता प्रतिपक्ष), डिकेंद्र हिरवानी (पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष), गुलशन शर्मा, लोचन यादव, धर्मेंद्र बंजारे, सत्यप्रकाश कौशिक और दिवाकर गायकवाड़।

“अपराधियों को बचाने और विपक्ष को डराने की कोशिश” – राकेश ठाकुर

रिहाई के बाद जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर ने सरकार और प्रशासन पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा:

  • अवैध शराब का बोलबाला: उतई क्षेत्र में अवैध शराब की बिक्री चरम पर है। दुष्कर्म का आरोपी भी इसी काले कारोबार से जुड़ा है, लेकिन पुलिस मूल मुद्दे से ध्यान भटकाने के लिए कांग्रेसियों पर कार्रवाई कर रही है।
  • दोहरा मापदंड: जब भाजपा विपक्ष का पुतला जलाती है तो पुलिस मूकदर्शक बनी रहती है, लेकिन गृहमंत्री का पुतला जलने से रोकने के लिए पुलिसकर्मियों को जोखिम में डाला गया।
  • IT सेल पर कार्रवाई की मांग: ठाकुर ने आरोप लगाया कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की छवि धूमिल करने वाले भाजपा IT सेल के सदस्यों को बचाने के लिए यह पूरी पटकथा लिखी गई है।

कांग्रेस की चेतावनी

राकेश ठाकुर ने स्पष्ट किया कि पुलिसिया कार्रवाई से कांग्रेसी डरने वाले नहीं हैं। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि पूर्व मुख्यमंत्री के खिलाफ आपत्तिजनक पोस्ट करने वाले भाजपा IT सेल के आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी नहीं हुई, तो आने वाले दिनों में कांग्रेस और भी उग्र आंदोलन करेगी।

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *