
कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में सड़क किनारे झाड़ियों में मिली खून से लथपथ लाश के मामले में जांच के बाद नया खुलासा हुआ है। प्रारंभिक तौर पर जिसे हत्या माना जा रहा था, वह अब आत्महत्या निकली है। यह मामला सीएसईबी चौकी क्षेत्र, कोरबा के कोहड़िया इलाके का है, जहां 10 मई को सड़क किनारे झाड़ियों में एक व्यक्ति का शव मिला था।
शव के पास भारी मात्रा में खून फैला हुआ था, जिसके चलते पुलिस ने इसे हत्या मानकर जांच शुरू की थी। मौके पर फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड को भी बुलाया गया था। मृतक की पहचान 37 वर्षीय बसंत पटेल के रूप में हुई है, जो बरमपुर का रहने वाला था। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने आसपास के लोगों के बयान दर्ज किए और सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले।

प्रारंभिक जांच में मानसिक अस्वस्थता की बात सामने आई थी। सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच में स्पष्ट हुआ है कि यह हत्या नहीं बल्कि आत्महत्या का मामला है। जांच में यह भी सामने आया कि मौके पर बीयर की टूटी हुई बोतल मिली थी, जिससे यह संकेत मिला कि मृतक ने स्वयं धारदार कांच जैसी वस्तु से अपने ऊपर वार किया।


जानकारी के मुताबिक बसंत पटेल मूल रूप से मस्तूरी के सोनसरी गांव का निवासी था और पिछले तीन वर्षों से कोरबा में रहकर इंडस्ट्रियल एरिया की एक फैक्ट्री में काम कर रहा था। वह 9 मई की सुबह काम के लिए घर से निकला था, लेकिन रात तक वापस नहीं लौटा। अगले दिन उसकी लाश झाड़ियों में मिली। बसंत शादीशुदा था और उसके दो बच्चे हैं।
घटना से कुछ दिन पहले ही वह अपने छोटे भाई की शादी में शामिल होकर गांव से लौटा था। परिवार फिलहाल गांव में ही रह रहा है। पुलिस ने मामले में जांच पूरी कर निष्कर्ष दर्ज कर लिया है, हालांकि घटनाक्रम को लेकर सभी पहलुओं की पुष्टि फॉरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर की गई है।
