सूरजपुर। जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र के महुआपारा में निर्माणाधीन मकान में पहरेदारी कर रहे बुजुर्ग की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मामले में पुलिस ने एक 17 वर्षीय नाबालिग लड़की को पकड़ा है। पुलिस के मुताबिक, बुजुर्ग द्वारा जबरन संबंध बनाए जाने से क्षुब्ध होकर नाबालिग ने उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने नाबालिग को बाल संप्रेक्षण गृह भेज दिया है।

जानकारी के अनुसार, 28 सितंबर 2026 को महुआपारा स्थित एक निर्माणाधीन मकान में पहरेदारी का काम करने वाले केतका निवासी सीताराम गोंड (उम्र 65 साल) की हत्या कर दी गई थी। घटना की सूचना मिलने के बाद कोतवाली पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।


जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि नाबालिग लड़की बुजुर्ग के साथ रहती थी। पुलिस के अनुसार, घटना वाले दिन बुजुर्ग ने 17 वर्षीय नाबालिग के साथ जबरन संबंध बनाए। इस घटना से क्षुब्ध होकर नाबालिग ने बुजुर्ग पर हमला कर दिया।

पुलिस के मुताबिक, नाबालिग ने पहले ब्लेड से बुजुर्ग के गले पर वार किया और इसके बाद सब्बल से सिर पर हमला कर दिया। हमले में गंभीर चोट लगने के कारण बुजुर्ग की मौत हो गई। मामले की जांच के बाद पुलिस ने नाबालिग को पकड़ लिया। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद उसे बाल संप्रेक्षण गृह भेज दिया गया है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *