



दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में 6 साल की बच्ची से हैवानियत की खबर सामने आई है। आरोपी मकान मालिक ने घटना को अंजाम दिया। बच्ची के प्राइवेट पार्ट में जब दर्द हुआ, तब इसकी जानकारी परिजनों को हुई। परिजनों ने तत्काल मामले में अपराध दर्ज करवाया, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया।
जानिए पूरा मामला

जानकारी के मुताबिक, घटना भिलाई के खुर्सीपार थाना क्षेत्र की है। आरोपी ने 2 अक्टूबर की शाम को घटना को अंजाम दिया। पीड़िता के परिजन आरोपी के मकान में किराए पर रहते हैं। बच्ची का आरोपी के घर आना जाना था। दो अक्टूबर की शाम आरोपी मकान मालिक बच्ची को खेलने के बहाने अपने घर बुलाया और उसके साथ हैवानियत की घटना को अंजाम दिया।
प्राइवेट पार्ट में दर्द हुआ, तब हुआ खुलासा
तीन अक्टूबर की शाम बच्ची के प्राइवेट पार्ट में दर्द हुआ, जिसके बाद बच्ची को अस्पताल लाया गया। उपचार के दौरान पता चला कि बच्ची के साथ दुष्कर्म हुआ है। परिजनों को मकान मालिक की हरकतों पर शक हुआ और मामले में बिना देरी किए घटना की सूचना खुर्सीपार थाने में दर्ज करवाई। शिकायत दर्ज होते ही पुलिस ने घटना को गंभीरता से लिया और आरोपी मकान मालिक को शनिवार की रात ही गिरफ्तार किया गया।
आरोपी गिरफ्तार
पुलिस आरोपी के खिलाफ पाॅक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई कर रही है। फिलहाल मामले में आगे की जांच कार्रवाई जारी है।
वहीं, इस घटना के बाद मोहल्ले के लोगों में जमकर आक्रोश है। लोगों ने थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस ने गुस्साए लोगों को भरोसा दिया हैं कि आरोपी को कोर्ट से सख्त सजा दिलवाई जाएगी।
