कांकेर। नौकरी के नाम पर झारखंड में छत्तीसगढ़ के 35 युवतियों को बंधक बनाए जाने का मामला सामने आया है. एक युवती के फोन से गांव के युवक को भेजे गए मदद के संदेश के बाद मामले का खुलासा हुआ. परिजनों ने शासन-प्रशासन से बेटियों की सुरक्षित वापसी की मांग की है. मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन और पुलिस संबंधित जिले के अधिकारियों से संपर्क कर जांच व तलाशी शुरू कर दी है.

बताया जा रहा है कि 35 लोगों में 15 कांकेर और बाकी युवतियां छत्तीसगढ़ के अन्य जिले की है. मिली जानकारी के अनुसार सभी को नौकरी दिलाने का झांसा दिया गया, जिसके बाद सभी झारखंड पहुंच गई, लेकिन अब उन्हें जबरन बंधक बनाकर काम लिया जा रहा है. इस दौरान दुर्गुकोंदल इलाके के खुटगांव की एक युवती ने अपने परिचित के एक युवक को मोबइल पर संदेश भेजकर अपनी आपबीती बताई.


युवती ने बताया कि उसे और अन्य युवतियों को झारखंड के गढ़वा जिले में बंधक बनाकर रखा गया है और काम लिया जा रहा है. प्रशासन को जब इस बात की जानकारी हुई प्रशासन ने त्वरित रूप से संज्ञान में लिया और गढ़वा जिला प्रशासन से संर्पक कर खोजबीन की कार्यवाही शुरू कर दी है.

युवतियों को बंधक बनाने की मिली है शिकायत : कलेक्टर

इस मामले में कलेक्टर नीलेश क्षीरसागर का कहना है कि जानकारी प्राप्त हुई है कि झारखंड के गढ़वा जिले में कांकेर व अन्य जिले की युवतियां नर्सिंग व अन्य कार्य के लिए गए थे, जिसमें शिकायत आई है कि कुछ युवतियों को बधंक बनाया गया है। युवतियों को सकुशल वापस लाने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन की टीम लगी हुई है.

युवतियों को वापस लाने में लगी है टीम : मंत्री राजवाड़े

इस मामले में महिला एवं बाल विकास विभाग मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े का कहना है कि उनकी कलेक्टर से बात हुई है. बताया गया है कि कुछ अपनी मर्जी से गई है, जिसमें कुछ आना चाहती है। युवतियों को वहां से लाने प्रशासन की टीम लगी हुई है. जल्द संपर्क कर आगे की कार्यवाही की जाएगी.

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *