दुर्ग। जिले के जेवरा-सिरसा चौकी क्षेत्र में हुए रामनारायण निषाद हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। 26 अप्रैल को संदिग्ध हालत में मिले शव के मामले में जांच के बाद सामने आया कि पुरानी रंजिश के चलते एक नाबालिग ने अपने साथी के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने मुख्य आरोपी नाबालिग को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया है, वहीं सबूत मिटाने में मदद करने वाली एक महिला को भी पकड़ा गया है।

एक अन्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है। मामले की शुरुआत 26 अप्रैल को हुई, जब ग्राम करहीडीही निवासी महेंद्र कुमार निषाद ने सूचना दी कि रामनारायण निषाद उर्फ नारायण निषाद का शव गांव के दुर्गा मंच के पीछे खेत में पड़ा है। शव पर सिर में गंभीर चोट के निशान थे और स्थिति संदिग्ध थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।


रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि होने के बाद अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस को एक नाबालिग पर संदेह हुआ। उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया।

पूछताछ में नाबालिग ने बताया कि उसका मृतक रामनारायण निषाद से पहले से विवाद चल रहा था। मृतक द्वारा पहले पुलिस में शिकायत और रिपोर्ट दर्ज कराए जाने से वह नाराज था और बदला लेने की योजना बना रहा था। घटना वाली रात 25 अप्रैल को रामनारायण नशे में था, जिसका फायदा उठाकर नाबालिग और उसके साथी ने उसे निशाना बनाया।

दोनों आरोपियों ने पहले रामनारायण के साथ मारपीट की, फिर गमछे से उसके पैर बांध दिए और उसे घसीटते हुए खेत की ओर ले गए। वहां पत्थरों से कुचलकर उसकी हत्या कर दी गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। जांच में यह भी सामने आया कि गांव की ही सावित्री निषाद (40 वर्ष) ने घटना के बाद सबूत मिटाने की कोशिश की।

उसने खून से सने कपड़े और जूते को जला दिया ताकि पुलिस को कोई सुराग न मिल सके। पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने घटनास्थल से हत्या में इस्तेमाल किया गया पत्थर, जले हुए कपड़ों के अवशेष और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद कर लिए हैं।

अधिकारियों के अनुसार, फरार आरोपी की तलाश के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस पूरे मामले ने क्षेत्र में सनसनी फैला दी है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *