गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। जिले के गौरेला थाना क्षेत्र स्थित ग्राम लालपुर से घरेलू हिंसा और दहेज प्रताड़ना का एक बेहद संवेदनशील मामला सामने आया है। जहां एक विवाहिता ने अपने पति, सास और ससुर पर दहेज में मोटरसाइकिल की मांग को लेकर लगातार शारीरिक और मानसिक प्रताड़ना देने तथा गर्भावस्था के दौरान बेरहमी से मारपीट करने का आरोप लगाया है। पीड़िता का दावा है कि पति की बर्बरता के कारण उसके नवजात बच्चे की इलाज के दौरान मौत हो गई। मामले में पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

प्रेम विवाह के बाद शुरू हुआ प्रताड़ना का सिलसिला

पीड़िता मीना पुरी (25) ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि ग्राम लालपुर निवासी सोनू पुरी के साथ उसका प्रेम प्रसंग था। 15 जून 2022 को सोनू उसे अपने घर ले गया था। इसके बाद 5 जून 2023 को दोनों का सामाजिक रीति-रिवाज से विवाह हुआ। मीना के अनुसार शादी के लगभग एक वर्ष बाद से उसके पति सोनू पुरी, सास राधाबाई और ससुर सोनसाय ने दहेज में मोटरसाइकिल की मांग शुरू कर दी। मांग पूरी नहीं होने पर उसे लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा। आरोप है कि तीनों उसके साथ गाली-गलौज करते थे और अक्सर मारपीट भी करते थे।


मारपीट के दौरान गर्भवती पत्नी के पेट पर बैठने का आरोप

पीड़िता ने आरोप लगाया है कि गर्भवती होने के बाद भी उसके साथ होने वाली प्रताड़ना नहीं रुकी। आवेदन के मुताबिक 11 अप्रैल 2026 को पति सोनू पुरी ने उसके साथ बर्बरतापूर्वक मारपीट की। आरोप है कि मारपीट के दौरान वह उसके पेट पर बैठ गया, जिससे वह बेहोश हो गई। मीना का कहना है कि घटना के बाद गर्भ में पल रहे बच्चे की हलचल बंद हो गई और उसकी तबीयत लगातार बिगड़ने लगी। इसके बावजूद उसे समय पर उचित उपचार नहीं मिल सका।

जन्म के 10 दिन बाद नवजात ने तोड़ा दम

पीड़िता की तबीयत ज्यादा बिगड़ने पर 15 अप्रैल 2026 को उसे जिला अस्पताल गौरेला में भर्ती कराया गया, जहां उसने एक बेटे को जन्म दिया। हालांकि जन्म के समय ही बच्चे की हालत गंभीर थी। डॉक्टरों ने नवजात को बेहतर इलाज के लिए तत्काल बिलासपुर रेफर कर दिया। बिलासपुर के शिशु अस्पताल में करीब 10 दिनों तक उसका उपचार चला, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद मासूम को बचाया नहीं जा सका। इलाज के दौरान नवजात की मौत हो गई।

पति, सास और ससुर को ठहराया जिम्मेदार

मीना पुरी ने अपने पति सोनू पुरी, सास राधाबाई और ससुर सोनसाय को प्रताड़ना तथा अपने नवजात बच्चे की मौत के लिए जिम्मेदार ठहराया है। पीड़िता अपने पिता के साथ गौरेला थाने पहुंची और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी है। जांच के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *