



दुर्ग/धमतरी। छत्तीसगढ़ में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने मंगलवार सुबह एक साथ कई ठिकानों पर कार्रवाई की है। दुर्ग और धमतरी में ED की टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी है। दोनों जगह केंद्रीय जांच एजेंसी की कार्रवाई सुबह से जारी है। सुरक्षा बलों की मौजूदगी के बीच घरों के भीतर दस्तावेजों और अन्य अहम रिकॉर्ड की जांच की जा रही है।
दुर्ग में पूर्व पटवारी नेता के घर पहुंची ED की टीम
दुर्ग के सिकोला भाठा स्थित बंगाली कॉलोनी में ED की टीम ने पटवारी संघ के पूर्व प्रांतीय पदाधिकारी कमलेश राजपूत के घर पर दबिश दी है। जानकारी के मुताबिक, ED के अधिकारी दो वाहनों में सवार होकर सुबह उनके निवास पर पहुंचे। इसके बाद टीम ने घर के भीतर जांच शुरू कर दी।

बताया जा रहा है कि ED की टीम दस्तावेजों और वित्तीय लेन-देन से जुड़े रिकॉर्ड की पड़ताल कर रही है। हालांकि, फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि कमलेश राजपूत के घर पर यह कार्रवाई किस विशेष मामले या जांच के सिलसिले में की जा रही है। कमलेश राजपूत के परिवार के कई सदस्य भी प्रशासनिक सेवा से जुड़े बताए जा रहे हैं।
इनमें दो पटवारी, एक उपपंजीयक और एक नायब तहसीलदार शामिल होने की जानकारी सामने आई है। परिवार से जुड़े प्रशासनिक पदों को देखते हुए ED की कार्रवाई को लेकर क्षेत्र में चर्चाएं तेज हैं, लेकिन एजेंसी की ओर से फिलहाल कार्रवाई के कारण को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
धमतरी में भी ED की दस्तक
इधर, धमतरी में भी ED की टीम ने सुबह से कार्रवाई शुरू की है। केंद्रीय जांच एजेंसी की टीम अमलतास पुरम पहुंची और यहां जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार, ED के अधिकारी करीब दो वाहनों में सवार होकर अमलतास पुरम पहुंचे। टीम के साथ सुरक्षा बल भी मौजूद है। करीब छह सदस्यीय टीम द्वारा घर के अंदर दस्तावेजों और अन्य रिकॉर्ड की जांच किए जाने की जानकारी है। कार्रवाई के दौरान कॉलोनी के बाहर सुरक्षा व्यवस्था भी तैनात की गई है।
ED की जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि दोनों कार्रवाई किस मामले से जुड़ी हैं और जांच में एजेंसी को क्या दस्तावेज या अन्य जानकारी मिली है। फिलहाल दोनों जगह जांच जारी है।
