दुर्ग। भिलाई में रविवार को रफ्तार का कहर देखने को मिला, जहां नशे में धुत कार चालक की टक्कर से दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद चंद्रा मौर्या चौक क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।

कार की टक्कर से वाहन हवा में उछले

जानकारी के अनुसार, तेज रफ्तार कार ने एक बाइक और स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहन हवा में उछल गए। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने घायलों को तत्काल सुपेला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने 17 वर्षीय नूर और 55 वर्षीय मनोहर को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल सलीम की हालत गंभीर बनी हुई है।


बताया जा रहा है कि नूर और सलीम एसी बनाने का काम करते थे और एक ही स्कूटी पर सवार थे, जबकि मनोहर पेशे से बीमा एजेंट थे और बाइक चला रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आरोपी कार चालक सागर जायसवाल नशे में धुत था। वह भिलाई की आम्रपाली कॉलोनी का निवासी बताया जा रहा है। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।

सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी ने बताया कि पुलिस ने आरोपी कार चालक सागर जायसवाल को हिरासत में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है। आरोपी का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। जांच में नशे की पुष्टि होने पर उसके खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *