
रायपुर। खम्हारडीह थाना क्षेत्र के लक्ष्य ज्वेलरी शाॅप में 1 करोड़ के गहने चोरी करने वाले एक आरोपी ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। आरोपी नाबालिग चोरी की घटना के बाद से फरार चल रहा था, जिसकी तलाश क्राइम ब्रांच और पुलिस की संयुक्त टीम कर रही थी। इसी बीच नाबालिग ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
बताया जा रहा है कि घटना के बाद से आरोपी फरार था। खम्हारडीह पुलिस ने आरोपी नाबालिग के घर में बाहर से ताला लगा दिया था। आज नाबालिग अपने घर के छज्जे से अंदर घुसा और कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। दरअसल, शंकर नगर से लोधी पारा जाने वाले रास्ते पर ही लक्ष्य ज्वेलर्स है। सोमवार को जब दुकान के संचालक शाॅप पहुंचे तो चोरी का खुलासा हुआ।

बीते शनिवार-रविवार की रात आरोपियों ने दुकान के ताले को को कटर से काटकर चोरी की घटना को अंजाम दिया था। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर रायपुर कमिश्नर संजीव शुक्ला और क्राइम व पुलिस की टीम पहुंची थी। पुलिस ने मामले में सीसीटीवी फुटेजों को खंगाला। इस दौरान कुछ संदिग्ध दिखाई दिए।


पुलिस ने संदिग्ध की पहचान की और एक आरोपी को पकड़ा गया। आरोपी से हुए पूछताछ के बाद पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी का सामान जब्त किया है। आरोपियों ने चोरी के दौरान सबसे ज्यादा सोने के जेवर ही चुराए थे।
पुलिस जल्द करेगी खुलासा
पुलिस ने दावा किया है कि जल्द ही अन्य आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा और घटना का खुलासा कर मीडिया को इस पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी जाएगी।
