
रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में एसीबी की टीम ने 60 हजार की रिश्वत लेते क्लर्क को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी क्लर्क शिकायतकर्ता से काम कराने के एवज में 1 लाख घूस की मांग किया था। पीड़ित की शिकायत पर एसीबी की टीम ने आज रंगे हाथ क्लर्क को गिरफ्तार किया। आरोपी क्लर्क का नाम तुलाराम पटेल है। इस कार्रवाई के बाद तहसील कार्यालय में हड़कंप मच गया।
जानिए पूरा मामला
दरअसल, रायगढ़ जिले के ग्राम धसकामुड़ा निवासी किसान भानुप्रताप पटेल खसरा के बी-1 में त्रुटि सुधार करने के लिए तहसील कार्यालय पहुंचा था। इस दौरान उसकी मुलाकात कार्यालय के क्लर्क तुलाराम पटेल से हुई। तुलाराम ने बी-1 में त्रुटि सुधार के नाम पर 1 लाख रिश्वत की मांग की। 60 हजार में सहमति बनी।

पीड़ित रिश्वत देना नहीं चाहता था, बल्कि आरोपी क्लर्क को रंगे हाथ पकड़वाना चाहता था। पीड़ित ने इसकी शिकायत एसीबी की टीम से की। एसीबी की टीम ने जांच के बाद ट्रैप आयोजित किया। क्लर्क को शिकायतकर्ता से घूस की रकम में से पहली किस्त 60 हजार लेते रंगे हाथ पकड़ा गया। क्लर्क के पकड़े जाने की खबर जैसे ही तहसील कार्यालय में फैली तो हड़कंप मच गया।


कार्यालय में मौजूद कर्मचारी-अधिकारियों सभी इस कार्रवाई को लेकर चर्चा करते रहे। एसीबी की टीम ने तुलाराम पटेल को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियक की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की गई। फिलहाल मामले में आरोपी से पूछताछ जारी है। साथ ही मामले में आगे की जांच कार्रवाई भी की जा रही है।
