
धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में सीएएफ के जवान ने फांसी लगाकर अत्महत्या कर ली। मृतक जवान का नाम जागेश्वर प्रसाद ठाकुर था और आर्म्ड फोर्स की 10वीं बटालियन की एफ कंपनी सूरजपुर में पदस्थ थे। वर्तमान में जवान की ड्यूटी रायपुर के सिविल लाइन थाने में थी। जवान जागेश्वर प्रसाद मूल रूप से भटगांव थाना क्षेत्र के रनचीराई के निवासी थे।
जानिए पूरा मामला
जानकारी के मुताबिक, जवान जागेश्वर प्रसाद ठाकुर बीते दिनों चुनाव ड्यूटी पर पश्चिम बंगाल गए थे। वहां से लौटने के बाद पांच दिनों के लिए ब्रेक रेस्ट पर थे। बताया जा रहा है कि घर में रहने के दौरान शराब को लेकर पत्नी से विवाद हुआ था। विवाद बढ़ने पर पत्नी रिश्तेदार के घर चले गई थी, हालांकि इसकी जानकारी अपने देवर को दी थी। जवान का भाई जब घर लौटा तो बड़ा भाई फंदे पर लटक रहा था।

घटना की सूचना तत्काल उसने अपनी भाभी और पुलिस को दी। कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जवान के शव को फंदे से निकाला गया। पुलिस ने पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए शव को भेजा। साथ ही मामले में मर्ग कायम कर आगे की जांच कार्रवाई की जा रही है। वहीं, इस घटना के बाद से जवान के घर में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।


फिलहाल जवान ने आत्महत्या क्यों की और इसके पीछे का कारण क्या था? इसकी जांच पुलिस द्वारा की जा रही है। जागेश्वर प्रसाद 24 मार्च को पश्चिम बंगाल चुनाव ड्यूटी पर गए थे। 2 मई को लौटे थे। 5 दिनों के ब्रेक के मिलने पर धमतरी के सपना पिंक सिटी रोड स्थित किराए के मकान में परिवार के साथ रह रहे थे।
