
राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में हाथ और नाखूनों से हमला कर पति की हत्या करने वाली पत्नी को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मामूली बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि पत्नी ने नाखून और हाथ से हमला करने के बाद पति की गला दबाकर हत्या कर दी।
जानिए घटना की वजह
दरअसल, मृतक तामेश्वर पारकर और उसकी पत्नी लक्ष्मी बाई पारकर का 27 जुलाई 2025 को काम पर जाने और पैसे को लेकर विवाद हुआ था। विवाद के बाद मृतक की पत्नी काम पर चले गई थी। शाम में जब काम से लौटी तो आक्रोशित पति ने किससे पूछकर काम पर गई थी, कहकर विवाद करने लगा। इस दौरान मृतक ने पत्नी से मारपीट और हाथापाई भी की। देखते ही देखते विवाद और बढ़ने लगा।

मारपीट के दौरान पत्नी लक्ष्मी बाई ने बीच बचाव करते हुए अपने हाथ और नाखून से पति पर हमला कर गला दबा दिया। घटना में पति बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ा, जिसके बाद पत्नी ने उसे गंभीर हालत में अस्पताल लाया। डाॅक्टरों ने उपचार के दौरान युवक की मौत होने की पुष्टि की। पीएम रिपोर्ट में मौत का कारण चोट पहुंचाना और गला दबाने की बात सामने आई।


पुलिस ने घटना में संदेह के आधार पर मृतक की पत्नी को हिरासत में लिया। कड़ाई से पूछताछ में महिला ने हत्या करने की बात कबूल की। महिला ने पुलिस को बताया कि पति द्वारा काम में जाने की बात को लेकर रोज प्रताड़ित करता था। इतना ही नहीं काम से आने के बाद रूपए की मांग करता था।
रूपए नहीं देने पर वाद-विवाद करते हुए मारपीट करता था। घटना वाले दिन भी इसी बात को लेकर विवाद हुआ था। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि महिला ने बीच बचाव करने के दौरान पति पर हमला कर दिया और उससे उसकी मौत हो गई। लक्ष्मी बाई पति तामेश्वर पारकर 34 साल निवासी ग्राम अंजोरा थनौद रोड थाना सोमनी को गिरफतार कर न्यायालय पेश किया गया।
