



जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर चांपा जिले में शादी के नाम पर ठगी करने वाली 4 महिला और एक युवक को गिरफ्तार किया गया है। पांचों के द्वारा सोशल मीडिया पर शादी का विज्ञापन चलाकर लोगों को फंसाते थे, फिर व्हाटसअप पर चैट कर रूपए की वसूली करते थे। 53 वर्षीय व्यक्ति भी इनकी बातों में आकर 5.65 लाख रूपए गंवाया था।
जानिए क्या थी शिकायत
जानकारी के मुताबिक, शिकायतकर्ता रेशम लाल साहू 53 वर्ष निवासी नवागढ़ अपनी शादी के लिए रिश्ता देख रहा था। इसी बीच उसके मोबाइल पर शादी का विज्ञापन आया, जिसमें संपर्क करने पर महासमुंद की पदमा नाम की लड़की जो खुद को सरकारी अस्पताल में नर्स बताई।

युवती ने शादी का रिश्ता फिक्स करने का वादा किया। आरोपी मीडिएटर ने लड़की का मोबाइल नंबर देने के एवज में कुछ रुपए लिया और फिर नंबर उपलब्ध कराया। नंबर मिलते ही प्रार्थी व्हाट्सअप चैटिंग और बातचीत करने लगा। इसी दौरान पदमा के द्वारा अलग-अलग बहना कभी मां के इलाज, कभी खुद के इलाज और कभी एक्सीडेंट के नाम पर रुपए ऐंठने लगी।
पांच लाख से ज्यादा की ठगी
महिला ने करीब 5 लाख 65 हजार 355 रुपए अपने खाते में डलवाए थे। प्रार्थी अपनी जमीन के बचे रुपए ओर अन्य जगह से उधारी लेकर पैसा पदमा को दिया था। जब प्रार्थी मिलने की बात करता तो पदमा द्वारा अलग-अलग बहाना करने लगती थी। प्रार्थी रेशम लाल साहू महासमुंद सरकारी अस्पताल पता करने गया तो वहां पदमा नाम की कोई लड़की नहीं मिली। आसपास पता किया, लेकिन कोई पता नहीं चला।
प्रार्थी को ठगी का एहसास हुआ तो उसने हेल्पलाइन नंबर-1930 के माध्यम से शिकायत दर्ज करवाया। साइबर थाना में अपराध क्रमांक 10/26 पंजीबद्ध कर जाँच में लिया गया। जाँच के दौरान सायबर पोर्टल की मदद से आरोपियों के खाता नंबर, बैंक डिटेल, मोबाइल नंबर को ट्रेस किया गया।
नाम बदलकर ठगी
जाँच के दौरान पता चला कि आरोपी राजनंदगांव के रहने वाले है। पुलिस की टीम ने राजनांदगांव में दबिश देकर पदमा नाम की महिला को पकड़ा गया। साथ ही पता चला कि भूमिका रंगारी ही पदमा बनकर पीड़ित रेशम लाल से बात करती थी। गिरफ्तार महिला ने बताया कि वर्ष 2025 में लव लाईक रिश्ते मैरिज ब्यूरो में काम करती थी।
काम छोड़ने के बाद बेरोजगार हो गई, फिर खुद ही एक फर्जी संस्था का संचालन करने लगी और मोबाइल में विज्ञापन चलाकर लोगों को शादी का झांसा देकर पैसे का ठगी करती थी। पूछताछ में पदमा ने बताया कि इस काम में साथी रोहित कुमार गुप्ता, नसीम बानो, तय्यबा बानो, शायना बानो सहयोग करते थे।
इनके द्वारा कमीशन के लालच में अपना खाता देते थे। ढाई लाख के अलावा अन्य पैसे इनके साथियों के खाता में ट्रांसफर करवाया जाता था। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। भूमिका रंगारी के खिलाफ साइबर पोर्टल और भी शादी के नाम पर रिश्ता कर पैसे लेने की शिकायत दर्ज है।
गिरफ्तार आरोपी
(01) भूमिका रंगारी साकिन राजनांदगांव थाना चिखली राजनांदगांव
(02) रोहित कुमार गुप्ता साकिन बसंतपुर राजनांदगांव जिला राजनांदगांव
(3) नसीम बानो साकिन राजनांदगांव थाना चिखली जिला राजनांदगांव
(4) तय्यबा बानो साकिन राजनांदगांव
(5) शायना बानो साकिन थाना चिखली जिला राजनांदगांव
जांजगीर पुलिस की अपील
मोबाइल में किसी भी विज्ञापन को देखकर विश्वास ना करें चाहे वह शादी के लिए हो या किसी सामान की खरीदी के लिए विश्वसनीय वेबसाइट पर ही जाकर समान खरीदे या शादी के लिए रिश्ते देखें।
