सरगुजा। छत्तीसगढ़ सरगुजा जिले के दरीमा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम दरिमा की भूमि के राजस्व अभिलेख में कूट रचना कर जमीन दर्ज करने और विक्रय पत्र निष्पादित करने के मामले में पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। यह कार्रवाई सरगुजा कलेक्टर अजीत वसंत के कार्यालयीन पत्र के परिपालन में प्रशिक्षु डिप्टी कलेक्टर एवं प्रभारी तहसीलदार दरिमा सुष्मिता टोण्ड्रे द्वारा पेश आवेदन के आधार पर की गई है।

एफआईआर के मुताबिक, ग्राम दरिमा स्थित भूमि खसरा नंबर 1322/2, रकबा 2.202 हेक्टेयर के राजस्व अभिलेख में तत्कालीन पटवारी अनिरुद्ध कुमार पैकरा (पटवारी हल्का नंबर 14, तहसील दरिमा; वर्तमान पदस्थापना तहसील सीतापुर) द्वारा कथित रूप से कूट रचना कर भूमि स्वामी बलीराम (पिता रामप्रसाद, निवासी ग्राम खजुरी, पो. नवानगर, तहसील दरिमा, जिला सरगुजा) के नाम पर दर्ज किया गया.


इसके बाद रजिस्ट्री विक्रय पत्र 11 सितंबर 2023 के माध्यम से क्रेता आजाद ईराकी (पिता रियाजुद्दीन ईराकी, निवासी जयनगर, थाना जयनगर, तहसील लटोरी, जिला सूरजपुर) और रामाशंकर सिंह (पिता रामजस सिंह, निवासी विश्रामपुर, थाना विश्रामपुर, जिला सूरजपुर) को विक्रय पत्र का निष्पादन किया गया.

प्रभारी तहसीलदार के आवेदन में उल्लेख है कि कलेक्टर सरगुजा के पत्र 19 नवंबर 2026 के तहत विक्रेता बलीराम, क्रेता आजाद ईराकी व रामाशंकर सिंह तथा तत्कालीन पटवारी अनिरुद्ध कुमार पैकरा के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर पालन प्रतिवेदन प्रस्तुत करने और उक्त रजिस्ट्री को निरस्त करने के लिए सिविल वाद दायर करने के निर्देश दिए गए थे। दरीमा पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 318(4), 338, 336, 340 और 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया है।

भाजपा नेता व पार्षद आलोक दुबे की शिकायत पर थाना प्रभारी दरिमा ने तहसीलदार से मांगा था रिकॉर्ड

सरगुजा जिले के दरिमा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम दरिमा की 2.202 हेक्टेयर भूमि के राजस्व अभिलेख में कथित हेरफेर और फर्जी दस्तावेजों के आधार पर रजिस्ट्री कराने के मामले में पुलिस ने तहसीलदार से विस्तृत जानकारी मांगी थी। थाना प्रभारी दरिमा की ओर से 16 अक्टूबर 2026 को तहसीलदार, तहसील कार्यालय दरिमा को पत्र भेजकर 8 बिंदुओं पर सत्यापित दस्तावेज व ब्योरा मांगा था।

भाजपा नेता व पार्षद आलोक दुबे ने शिकायत की थी कि ग्राम दरिमा स्थित खसरा नंबर 1322/2, रकबा 2.202 हेक्टेयर भूमि सिंहदेव योजना के तहत पट्टे पर दी गई थी. शिकायत में आरोप लगाया गया है कि कथित भू-माफिया आजाद ईराकी, रामाशंकर सिंह और बलीराम चिकवा ने राजस्व अधिकारियों से मिलीभगत कर 1954-55 के अधिकार अभिलेख में गिरी चिकवा के नाम पर खसरा नंबर 1244 और 1322/2 फर्जी तरीके से दर्ज कराया और बिना सक्षम प्राधिकारी की अनुमति के शासकीय पट्टे की भूमि की रजिस्ट्री करा ली. शिकायत में तत्कालीन पटवारी अनिरुद्ध पैकरा व तहसीलदार की संलिप्तता का भी उल्लेख किया गया है।

पत्र में यह भी दर्ज है कि इस विषय पर वर्ष 2024 में थाना दरिमा में धारा 420 भादंवि के तहत मामला दर्ज कर विवेचना की गई थी। वहीं विवादित भूमि की रजिस्ट्री (का नामांतरण राजस्व प्रकरण में 3 जनवरी 2024 के आदेश से खारिज किया जा चुका है। जांच को आगे बढ़ाने के लिए पुलिस ने तहसीलदार से यह स्पष्ट करने को कहा था कि बलीराम पिता रामप्रसाद चिकवा को शासकीय पट्टा मिला था या नहीं, 1957-58 की संशोधन पंजी में गिली पिता धनसाय चिकवा के नाम दर्ज प्रविष्टि फर्जी है या सही,

वर्ष 2022-23 के बी-1 में दर्ज नामांतरण की स्थिति क्या रही, 18 जुलाई 2023 को भूईंया पोर्टल पर पटवारी अनिरुद्ध पैकरा की आईडी से नामांतरण-बंटाकन दर्ज होने से पहले खसरा 1322/2 किसके नाम दर्ज था तथा वर्ष 2016-17 में नया खसरा नंबर 1322/2 (रकबा 2.202 हेक्टेयर) किसने सृजित किया. पुलिस ने 2016-17 से पहले उक्त खसरे के ‘लुप्त खसरा’ होने की स्थिति और संबंधित अभिलेखों की सत्यापित प्रति भी मांगी थी।

Share on