



मिस्र के प्राचीन इतिहास को लेकर एक चौंकाने वाली जानकारी सामने आई है. आर्कियोलॉजिस्ट ने थीब्स में मंदिर के खंडहरों के पास 3,400 साल पुराने कचरे के ढेर से प्राचीन शाप के सबूत खोजे हैं. रिसर्चर्स को यहां कोई पूरी किताब नहीं मिली है. उन्हें डाक टिकट के आकार के 40 जले हुए पपायरस टुकड़े हाथ लगे हैं. यह स्टडी ‘जर्नल ऑफ द इजिप्शियन लैंग्वेज एंड एंटिक्विटीज’ में छपी है.
ये टुकड़े प्राचीन मिस्र के मशहूर ‘अपोफिस रिचुअल’ से जुड़े हैं. इस शाप के जरिए दुश्मनों पर सूर्य देवता के प्रकोप की कामना की जाती थी. पुरातात्विक नजरिए से यह खोज एक गड़ा खजाना हाथ लगने जैसी है. इतिहासकार अब तक मानते थे कि यह तरीका सीमित था. ताजा सबूत बताते हैं कि यह शाप पहले के अनुमान से 1,000 साल ज्यादा पुराना है. रोजमर्रा की जिंदगी में इसका इस्तेमाल आम था.

सूर्य देवता रा और सांप देवता अपोफिस से जुड़ा यह शाप क्या था?
इन 40 जले हुए टुकड़ों से पहले ‘अपोफिस रिचुअल’ का एक ही लिखित रिकॉर्ड मौजूद था. वह रिचुअल मैनुअल चौथी सदी ईसा पूर्व के अंत का था. मिस्र के पुजारियों ने शुरुआत में यह मंत्र सूर्य देवता रा की मदद के लिए बनाया था. इसका मकसद अराजकता, आग और अंधेरे के सांप देवता अपोफिस से लड़ना था.
अपोफिस को सूर्य देवता रा का हमेशा का दुश्मन माना जाता था. बाद में इस रिचुअल का इस्तेमाल फैरो के दुश्मनों को शाप देने में होने लगा. लोग खराब मौसम और जहर जैसी मुसीबतों को रोकने के लिए भी इसका सहारा लेते थे.
क्या आम लोग भी इस जादुई शाप का इस्तेमाल करते थे?
रिसर्चर्स को पहले लगता था कि अपोफिस रिचुअल पर सिर्फ धार्मिक नेताओं का अधिकार था. थीब्स के मंदिर के खंडहरों से मिले टुकड़ों ने यह धारणा बदल दी है. कोपेनहेगन यूनिवर्सिटी के इजिप्टोलॉजिस्ट और स्टडी के को-ऑथर फ्रेडरिक हेगन ने कहा, ‘ये टुकड़े दिखाते हैं कि यह रिचुअल चौथी सदी ईसा पूर्व की कॉपी से काफी पुराना था’.
उन्होंने आगे कहा, ‘1,000 साल पहले न्यू किंगडम के दौर में ही यह मिस्र की संस्कृति का हिस्सा था’. हेगन के मुताबिक, गैर-पुजारी पढ़े-लिखे लोग भी जादूगर और हीलर की तरह काम करते थे. आम लोग सुरक्षा पाने या दूसरों पर हमला करने के लिए लेखकों की मदद लेते थे.
शाप को कामयाब बनाने के लिए पपायरस पर थूकते और चाकू क्यों घोंपते थे?
इन जले हुए टुकड़ों का आज तक बचे रहना अपने आप में हैरान करता है. इस शाप को पूरा करने के नियम बेहद अजीब थे. पपायरस पर मंत्र लिखने के बाद उसे सीधे जलाया नहीं जाता था. लोग पहले उस पपायरस को पैरों से कुचलते थे. फिर उस पर चाकू से वार करते थे और थूकते भी थे. आखिर में पूरी सामग्री को आग में नष्ट कर दिया जाता था.
हेगन ने कहा, ‘रिचुअल के सफल होने के लिए सामग्री को आग में जलाना जरूरी था – इसलिए इनका पहचाने जाने लायक हालत में मिलना बड़ी खुशकिस्मती है’.



