धमतरी। जिले में बीते दिनों हुई भारी बारिश के दौरान बाढ़ के पानी में लापता हुए रिटायर्ड वनकर्मी बाबूलाल साहू का शव करीब पांच दिन बाद बरामद कर लिया गया है। सिहावा थाना क्षेत्र के सिरसिदा निवासी करीब 65 वर्षीय बाबूलाल साहू वन विभाग से सेवानिवृत्त कर्मचारी थे। उनका शव बिरगुड़ी से भूमका के बीच महानदी और दुधावा जलाशय के अंतिम छोर पर बने पुल से करीब 500 मीटर आगे नदी में मिला।

जानकारी के मुताबिक, कुछ लोग नदी में मछली पकड़ने के लिए गए थे। इसी दौरान उन्होंने पानी में शव देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताया जा रहा है कि शुक्रवार और शनिवार की दरमियानी रात बाबूलाल साहू अपने घर में मौजूद थे।


शनिवार सुबह जब परिजनों ने देखा तो वह घर पर नहीं मिले। इसके बाद परिजनों ने आसपास उनकी तलाश शुरू की। तलाशी के दौरान उनका मोबाइल और सॉल बालका नदी के किनारे मिला था। वहीं डंडा और टॉवेल नदी के पास सीढ़ियों पर पड़ा मिला। सामान नदी के किनारे मिलने और उस समय नदी में बाढ़ होने के कारण परिजनों को उनके तेज बहाव में बह जाने की आशंका हुई।

बाबूलाल साहू के लापता होने की सूचना मिलने के बाद परिजनों ने पुलिस को जानकारी दी। इसके बाद पुलिस और SDRF की टीम ने उनकी तलाश शुरू की। परिजन भी लगातार तलाश अभियान में जुटे रहे। कई दिनों तक तलाश करने के बाद आखिरकार भूमका गांव के पास नदी में उनका शव बरामद हुआ।

गौरतलब है कि धमतरी जिले में बीते दिनों हुई भारी बारिश के कारण नदी-नाले उफान पर आ गए थे। कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन गए थे और रास्ते भी प्रभावित हुए थे। कई घरों में पानी घुसने की भी जानकारी सामने आई थी।

इसी दौरान सिहावा थाना क्षेत्र के सिरसिदा से बाबूलाल साहू और मगरलोड क्षेत्र के मेघा से एक छात्रा के तेज बहाव में बहने की खबर सामने आई थी। बाबूलाल साहू का शव अब करीब पांच दिन बाद बरामद कर लिया गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *