रायपुर/लोकसभा चुनाव|News T20: छत्तीसगढ़ में भाजपा ने हाल ही में संपन्न हुए राज्य विधानसभा चुनाव में हारे हुवे पार्टी उम्मीदवारों के साथ रविवार को बैठक रखी। एक पार्टी पदाधिकारी ने बताया कि बैठक में आगामी लोकसभा चुनावों को लेकर बातचीत हुई।

जिसमें प्रदेश भाजपा मुख्यालय पर ‘लोकसभा चुनाव कार्य योजना बैठक’ में उम्मीदवारों से आगामी लोकसभा चुनाव में उनके विधानसभा क्षेत्रों में पार्टी के प्रदर्शन को सुधारने के लिए रणनीति सुझाने को कहा गया।

बैठक में छत्तीसगढ़ भाजपा के अध्यक्ष किरण सिंह देव ने पार्टी कार्यकर्ताओं से अनुरोध किया कि ‘नमो ऐप’ के माध्यम से एक दूसरे से और जनता से अधिक से अधिक जुड़ें। उन्होंने भाजपा नेताओं से ऐप के लिए ब्रांड एंबेसडर बनने के लिए भी कहा और इस बात पर जोर दिया कि उनका लक्ष्य राज्य की सभी 11 लोकसभा सीटें जीतना है।

छत्तीसगढ़ भाजपा के अध्यक्ष किरण सिंह देव ने पार्टी कार्यकर्ताओं से 22 जनवरी को अयोध्या राम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा समारोह को दिवाली के रूप में मनाने के लिए भी कहा। बता दें कि 2019 के चुनाव में पार्टी ने 9 सीटें जीती थीं। 90 सीटों के लिए नवंबर में हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 54 सीटों पर जीत दर्ज की, जबकि कांग्रेस ने 35 सीटों पर जीत हासिल की। गोंडवाना गणतंत्र पार्टी को एक सीट पर जीत मिली थी।

वहीं छत्तीसगढ़ कांग्रेस प्रमुख दीपक बैज ने रविवार को आरोप लगाया कि राज्य की नवनिर्वाचित भाजपा सरकार कॉरपोरेट के हित में काम कर रही है। विष्णु देव साय सरकार ने जल, जंगल, जमीन और खनिज संसाधनों सहित प्राकृतिक संसाधनों को अडाणी (समूह) को सौंपना शुरू कर दिया है। उन्होंने यह भी दावा किया कि कोयला खदान विस्तार परियोजना के लिए जैव विविधता से समृद्ध हसदेव अरण्य क्षेत्र में पेड़ काटे जा रहे हैं।

बैज ने मुख्यमंत्री साय के इस दावे को खारिज कर दिया कि जैव विविधता से भरपूर हसदेव अरण्य में कोयला खदान के लिए पेड़ों की कटाई की अनुमति पिछली कांग्रेस सरकार ने दी थी। बैज ने कहा कि पिछली कांग्रेस सरकार ने इस मंजूरी को रद्द कर दिया था और अनुमति रद्द करने के लिए केंद्र को पत्र भी लिखा था। उन्होंने आरोप लगाया कि यह अनुमति और पर्यावरण मंजूरी मोदी सरकार द्वारा दी गई थी।

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *