बलरामपुर/ खरीफ सीजन को देखते हुए प्रदेश में कृषि आदानों की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था पर प्रशासन ने निगरानी बढ़ा दी है। इसी कड़ी में बलरामपुर जिले में अवैध खाद भंडारण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए राजस्व एवं कृषि विभाग की संयुक्त टीम ने 300 बोरी डीएपी खाद जप्त की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार अवैध रूप से खाद भंडारण किए जाने की सूचना पर अनुविभागीय अधिकारी राजस्व राजपुर देवेंद्र प्रधान के निर्देशन में ग्राम नरसिंहपुर में संयुक्त निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान अलग-अलग स्थानों पर बड़ी मात्रा में डीएपी खाद का भंडारण पाया गया।


निरीक्षण में बसंत जायसवाल, छत्रपाल तथा कमलावती जायसवाल के मकानों में 100-100 बोरी डीएपी खाद सहित कुल 300 बोरी खाद रखी मिली। टीम द्वारा खाद भंडारण से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए कहा गया, लेकिन संबंधित व्यक्तियों द्वारा कोई दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराया गया। पूछताछ में उन्होंने खाद ग्राम खुखरी निवासी खाद विक्रेता संदीप जायसवाल की होना बताया।

मौके पर पहुंचे संदीप जायसवाल ने खाद अपना होना स्वीकार किया, किंतु वे भी खाद के भंडारण एवं परिवहन से जुड़े आवश्यक वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। दस्तावेजों के अभाव में प्रशासनिक टीम ने समस्त 300 बोरी डीएपी खाद जप्त कर नियमानुसार कार्रवाई की। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसानों के लिए निर्धारित खाद का अवैध भंडारण, कालाबाजारी अथवा अनियमित वितरण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

खरीफ सीजन के दौरान खाद वितरण व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और अनियमितता पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई के दौरान नायब तहसीलदार राजपुर नरेंद्र कंवर, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी राजपुर सहित राजस्व एवं कृषि विभाग की संयुक्त टीम उपस्थित रही।

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *