
दुर्ग। जिले के अंजोरा चौकी क्षेत्र स्थित रायपुर पावर एंड स्टील लिमिटेड, रसमढ़ा में सिलिको मैंगनीज चोरी का मामला सामने आया है। कंपनी परिसर से 50 किलोग्राम सिलिको मैंगनीज गायब होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कंपनी में कार्यरत एक ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है।
कंपनी के जनरल मैनेजर राधेश्याम पांडे ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी कि 12 मई की सुबह 6 बजे से 8 बजे के बीच परिसर से एक बोरी सिलिको मैंगनीज चोरी हो गया। शिकायत के बाद अंजोरा चौकी पुलिस ने जांच शुरू की। जांच में सामने आया कि चोरी की वारदात कंपनी में वाहन चालक के रूप में कार्यरत खिलेन्द्र कुमार साहू ने की थी।

आरोपी ने कंपनी परिसर से सिलिको मैंगनीज की बोरी वाहन में रखकर बाहर ले जाने की कोशिश की थी। पुलिस ने आरोपी को पकड़कर उसके कब्जे से चोरी का माल और वाहन जब्त कर लिया है।


पुलिस के अनुसार, लगभग 10 हजार रुपये मूल्य का सिलिको मैंगनीज और करीब 4 लाख रुपये कीमत का वाहन जब्त किया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपी ने इससे पहले भी इस तरह की कोई गतिविधि की है या नहीं।
