बीएसपी के प्रवर्तन विभाग द्वारा अनाधिकृत कब्जों एवं सड़क अतिक्रमण के विरुद्ध विशेष अभियान

सेल- भिलाई इस्पात संयंत्र के प्रवर्तन विभाग द्वारा टाउनशिप की स्वच्छता, यातायात सुगमता एवं सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से अनाधिकृत कब्जों एवं अतिक्रमण के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के तहत सेक्टर-6 मार्केट चौक तथा आसपास के क्षेत्रों में विभिन्न स्थानों पर निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई की गई।

कार्रवाई के दौरान सेक्टर-6 मार्केट चौक के समीप सड़क किनारे सामग्री फैलाकर व्यवसाय संचालित करने वाले व्यक्तियों द्वारा किए गए अतिक्रमण को हटवाया गया। इस दौरान छह अस्थायी शेड भी हटाए गए। संबंधित व्यक्तियों को भविष्य में सड़क तक सामग्री न फैलाने तथा सार्वजनिक मार्गों को बाधित न करने की चेतावनी दी गई।


अभियान के अंतर्गत स्ट्रीट-एवेन्यू ‘सी’ स्थित अनफिट ब्लॉक में अवैध रूप से कब्जा कर रहने वाले व्यक्तियों के कारण मार्ग संकरा होने की स्थिति का भी संज्ञान लिया गया। पूर्व में दिए गए निर्देशों एवं समझाइश के बावजूद कब्जा नहीं हटाए जाने पर नगर विद्युत अभियांत्रिकी विभाग के सहयोग से उक्त परिसर की अवैध विद्युत आपूर्ति विच्छेदित कर दी गई। संबंधित कब्जाधारियों को पुनः निर्देशित किया गया कि वे शीघ्र ही स्वेच्छा से कब्जा खाली करें। साथ ही संबंधित कार्यदल को उक्त ब्लॉक के प्रस्तावित ध्वस्तीकरण कार्य के संबंध में आवश्यक निर्देश भी दिए गए।

इसी क्रम में सेंट्रल एवेन्यू से सेक्टर-6 मार्केट जाने वाले मार्ग तथा चौक क्षेत्र में दिन के समय ठेले खड़े छोड़ने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध भी कार्रवाई की गई तथा ठेले हटवाए गए। संबंधित व्यक्तियों को चेतावनी दी गई कि भविष्य में सार्वजनिक मार्गों पर ठेले छोड़ने की स्थिति में संपदा न्यायालय के माध्यम से जब्ती की कार्रवाई की जाएगी।

प्रवर्तन विभाग ने स्पष्ट किया है कि टाउनशिप के अन्य प्रमुख चौकों एवं मुख्य मार्गों पर भी इसी प्रकार की कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। नागरिकों से अपील की गई है कि वे सार्वजनिक स्थलों, चौक-चौराहों एवं मुख्य मार्गों पर किए गए अतिक्रमण एवं अनाधिकृत रूप से रखे गए ठेले स्वेच्छा से हटा लें तथा स्वच्छ एवं सुरक्षित टाउनशिप के निर्माण में सहयोग प्रदान करें।

यह विशेष अभियान भिलाई इस्पात संयंत्र प्रबंधन के मार्गदर्शन में सहायक महाप्रबंधक (प्रवर्तन विभाग) रेमी थॉमस के नेतृत्व में संचालित किया गया। अभियान में प्रवर्तन विभाग के उप प्रबंधक मुकुंद दास मानिकपुरी, सहायक प्रबंधक देवानंद चौहान, संपदा निरीक्षक अजय मिश्रा, राममूर्ति, भगवान तथा राम सहित महिला एवं पुरुष सुरक्षा कर्मियों की टीम सक्रिय रूप से शामिल रही।

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *