रेवाड़ी / हरियाणा के रेवाड़ी में एक महिला के साथ लिव-इन-रिलेशनशिप में रहने वाले एक युवक को गोली मार दी गई। गोली महिला के ही पूर्व प्रेमी ने चलाई। कनपटी पर गोली लगने से उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। उसे शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। धारूहेड़ा थाना पुलिस केस दर्ज कर जांच में जुटी है।

मिली जानकारी के अनुसार, राजस्थान के जिला भरतपुर के गांव जिरोली निवासी मनीष कुमार कुछ समय से प्रिया नाम की महिला के साथ धारूहेड़ा में लिव-इन-रिलेशनशिप में रह रहा था। मनीष व प्रिया करीब 15 दिन पहले ही धारूहेड़ा में आकर रहने लगे थे। मथुरा के गांव सुनरख का रहने वाला मनोज कुमार शनिवार की रात को मनीष व प्रिया के पास उनके कमरे पर मिलने के लिए आया था। इसी बीच मनोज ने रात को मनीष की कनपटी पर गोली मार दी और बाइक से फरार हो गया।

गोली लगने की सूचना के बाद मनीष के ताऊ का बेटा संतोष मौके पर पहुंचा और उसे रेवाड़ी शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। सूचना के बाद रात को ही धारूहेड़ा थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। साथ ही पुलिस ने परिजनों के बयान पर रविवार को आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

पहले मनोज के साथ रही प्रिया –

संतोष कुमार के अनुसार प्रिया पहले आरोपी मनोज के साथ लिव-इन-रिलेशनशिप में रहती थी। प्रिया ने कुछ समय पहले मनोज को छोड़ दिया था और मनीष के साथ धारूहेड़ा आकर रहने लगी थी। मनोज को प्रिया के मनीष के साथ रहने पर ऐतराज था। इसी रंजिश में मनोज ने रात को मनीष को गोली मार दी और फरार हो गया।

गंभीर बनी हुई है मनीष की हालत –

रेवाड़ी शहर के निजी अस्पताल में भर्ती मनीष की हालत नाजुक बनी हुई है। डॉक्टरों ने उसे ICU में रखा हुआ है और उपचार किया जा रहा है। धारूहेड़ा थाना पुलिस ने फिलहाल संतोष कुमार की शिकायत पर मनोज के खिलाफ हत्या के प्रयास व आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की है। पुलिस आरोपी युवक की तलाश कर रही है।

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *