यात्रियों के चप्पल-पैजामा पहनने से 'नाराज' हुआ एयरपोर्ट, सोशल मीडिया पर किया बैन का ऐलान...

एक जमाना था जब लोग ट्रेन से यात्रा करते थे, तो खूब तैयार होकर चलते थे. वहीं प्लेन से यात्रा करने वाले तो सूट-बूट पहन लेते थे. मगर अब जमाना बदल गया है. ट्रेन हो या प्लेन, लोग यात्रा के समय आराम की चाहत रखते हैं. इस वजह से बहुत लोग तो चप्पल और पैजामा पहनकर भी ट्रैवल करने निकल जाते हैं. मगर एक अमेरिकी एयरपोर्ट ने इस बात पर नाराजगी जताई. उसने सोशल मीडिया पर लोगों के चप्पल (Crocs) और पैजामे पहनने पर रोक लगा दी है. मगर फिर उसने इस फैसले की सच्चाई को भी उजागर किया.

यूएसए टुडे वेबसाइट की रिपोर्ट के अनुसार अमेरिका के फ्लोरिडा में मौजूद टैंपा इंटरनेशनल एयरपोर्ट ने 26 फरवरी को अपने आधिकारिक X अकाउंट @FlyTPA पर एक पोस्ट शेयर किया. इसमें उन्होंने कहा कि वो अब क्रॉक्स और पैजामों पर रोक लगा रहे हैं. पोस्ट में लिखा है- हमें बहुत देख लिया और हमने बहुत सह लिया.

अब वक्त आ गया है कि टैंपा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर पैजामों को बैन कर दिया जाए. पहले क्रॉक्स बैन कर के लोगों को क्रॉक्स-फ्री एयरपोर्ट का अनुभव उठाने का सुख दिया गया, अब बारी है उससे बड़ी समस्या की, वो है पैजामे. उन्होंने लिखा कि इस नियम से बहुत लोगों को तकलीफ होगी. उन्होंने लोगों से टैंपा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को क्रॉक्स और पैजामा फ्री बनाने की मदद मांगी.

पैजामे पर लगाई रोक!

ये पोस्ट तेजी से वायरल हो गया, इसे 82 लाख व्यूज मिले और हजारों लोगों ने इसपर कमेंट कर अपनी प्रतिक्रिया दी. कुछ ने कहा कि एयरपोर्ट कर्मी पहले अपनी साफ-सफाई का ध्यान दें, वहीं कुछ ने कहा कि लोगों की फ्लाइट 4-4 घंटे लेट रहती है और यहां पैजामा और क्रॉक्स ज्यादा जरूरी है! पर बहुत से ऐसे भी लोग हैं, जो इस नियम का स्वागत कर रहे हैं. उनका कहना है कि पहले लोग सूट पहनकर यात्रा करते थे, तो अभी भी लोगों को वैसा ही करना चाहिए.

एयरपोर्ट ने पोस्ट को बताया मजाक

जब ये पोस्ट खूब वायरल हुआ तो एयरपोर्ट प्रशासन ने यूएसए टुडे को दिए बयान में कहा कि ये सब केवल मजाक था. उन्होंने कहा- टैंपा इंटरनेशनल एयरपोर्ट अक्सर ऐसे हल्के-फुल्के और मजेदार सोशल मीडिया पोस्ट शेयर करता रहता है. इस तरह वो फॉलोअर्स से जुड़ते हैं. पैजामा बैन करने का पोस्ट भी सिर्फ मजाक था. उन्होंने कहा कि वो यात्रियों को आराम और कंफर्ट के साथ ही यात्रा करने की सलाह देते हैं.

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *