कोटा। बिलासपुर जिले में जुलाई 2007 में चाकू मारकर हत्या करने वाले युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने पिछले 16 सालों से आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी। बताया जा रहा है कि, घटना के बाद से आरोपी युवक अपना नाम बदलकर जांजगीर जिले में रह रहा था। मामला बेलगहना थाना क्षेत्र का है। मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी युवक का नाम दिल हरण उर्फ भंगहा श्रीवास है।

वह करही कछार बेलगहना का निवासी है। 25 जुलाई 2007 में बेलगहना में मृतक विदेशी यादव को चाकू मारकर हत्या और आहत झब्लू कोल को छुरा मारकर घायल कर दिया था।  इस पर सुनवाई करते हुए न्यायलय ने आरोपी के खिलाफ 2 फरवरी 2012 में स्थाई वारंट जारी किया था। इसके बाद से ही पुलिस आरोपी की तलाश कर रही थी।


इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि, आरोपी युवक अपना नाम बदलकर चांपा में रह रहा है । जिस पर पुलिस ने तत्काल ही मौके पर दबिश देकर आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने जब आरोपी युवक से पूछताछ की तो वह गोलमोल जवाब देने लगा। वहीं कड़ाई से पूछताछ की तो वर्तमान में अपना नाम राजू श्रीवास बदल कर चांपा में रहना स्वीकार किया। फिलहाल पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

Share on