तेहरानः अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच छिड़ी जंग पर ईरान की पहली प्रतिक्रिया सामने आई है। ईरान ने रमजान के पवित्र महीने में युद्ध को गलत ठहराया है। ईरान के विदेश मंत्री ने पाकिस्तान और अफगानिस्तान से इस्लाम के लिए एकजुट होने और संवाद से मामला खत्म करने की अपील की है। उन्होंने कहा है कि रमजान युद्ध का महीना नहीं है। यह आपसी भाईचारे और प्रेम का माह है।
अब्बास अराघची ने अपने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा है, “रमज़ान के पवित्र महीने में, जो इस्लामी जगत में आत्मसंयम और एकजुटता को मजबूत करने का महीना है, यह उचित है कि अफगानिस्तान और पाकिस्तान अच्छे पड़ोसी संबंधों के दायरे में और संवाद के माध्यम से अपने मौजूदा मतभेदों का समाधान करें। ईरान दोनों देशों के बीच संवाद को सुगम बनाने और आपसी समझ और सहयोग को मजबूत करने में हर संभव सहायता प्रदान करने के लिए तत्पर है।”
पाकिस्तान ने बृहस्पतिवार की आधीरात अफगानिस्तान पर हमला कर दिया। इस दौरान राजधानी काबुल में कई मिलिट्री ठिकानों पर एयरस्ट्राइक की। इसमें अफगानिस्तान के मिलिट्री ठिकानों को नुकसान पहुंचा है। हालांकि अभी तक किसी मौत की खबर सामने नहीं आई है। वहीं पाकिस्तान में अफगानिस्तान की जवाबी कार्रवाई में अब तक 55 सैनिकों के मारे जाने 19 चौकियों पर कब्जा होने और 23 पाक सैनिकों के शव को कब्जे में लेने का दावा किया है। साथ ही तालिबान ने पाकिस्तान के सबसे अहम एफ-16 फाइटर जेट को मार गिराया है।