भिलाई [न्यूज़ टी 20] गोरखपुर में मंगलवार को एक 65 साल की महिला की गला दबाकर हत्या कर दी गई। महिला की लाश उसके ही घर में मिली। महिला के शरीर पर चाकुओं से कई वार किए गए हैं। सुबह महिला की बहू और नाती ने ही इसकी सूचना पुलिस को दी।

घटना खोराबार इलाके के रामगढ़ उर्फ रजहीं की है। हत्या की खबर मिलते ही SP सिटी कृष्ण कुमार विश्नोई पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। फॉरेंसिक जांच पड़ताल के बाद पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

परिवार के लोगों ने जमीनी विवाद में बहू और नाती पर हत्या का शक जताया है। पुलिस ने घर से चाकू भी बरामद ​कर लिया, जिससे महिला के शरीर पर वार किए गए थे। महिला की बहू और दोनों नाती को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

फिलहाल परिवार की ओर से अभी तक पुलिस को कोई तहरीर नहीं मिली है। SP सिटी का कहना है कि तहरीर मिलते ही केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।

बेटों की हो चुकी है मौत

मृतका रजवंती देवी(65) खोराबार इलाके के रामगढ़ के रहने वाले फल्ली निषाद उर्फ रावण निषाद की पत्नी थी। परिवार के लोगों के मुताबिक उनकी 5 बेटिंयां और दो बेटा थे।

जिनमें एक बेटा रमेश और उसकी पत्नी रीता की करीब एक साल पहले करंट लगने से मौत हो चुकी है। दूसरे बेटे जवाहर की भी मौत हो चुकी है।

जमीन को लेकर विवाद से चल रहा था विवाद

घर में राजवंती और उनके पति पल्ली के अलावा उनकी बहू तारा देवी, नाती राजू, राजकुमार और नातीन संजू रहते हैं। रजवंती के पास करीब एक बिगहा जमीन है। जिसे लेकर परिवार में काफी दिनों से विवाद चल रहा था।

उनकी एक बेटी मैना देवी की शादी शहर के रुस्तमपुर इलाके में हुई थी। मैना देवी ने रजवंती से 8 डिसमिल जमीन अपने नाम करा लिया था। इसी बात को लेकर बहू और बेटियों से मृतका की अक्सर लड़ाई होती रहती थी।

सुबह बिस्तर पर पड़ी मिली लाश

रोज की तरह सोमवार की रात भी रजवंती खाना खाने के बाद कमरे में सोने चली गई। मंगलवार की सुबह जब बहू सोकर उठी तो उसने देखा की रजवंती बरामदे में अपने बिस्तर पर मृत पड़ी है। नाती और बहू ने इसकी सूचना पुलिस को दी।

गला दबाकर हत्या की गई- एसपी सिटी

एसपी सिटी ने बताया की लाश के शरीर पर कई जगह चोट के निशान थे। गले पर दबाव के निशान थे, तो वहीं हाथ पर चाकू से भी वार किया गया था। हाथ पर चाकू से वार का गहरा निशान मिला है।

पुलिस ने मौके से चाकू बरामद किया है। फिलहाल, पुलिस को परिवार वालों की तरफ से कोई तहरीर नहीं मिली है। अगर कोई शिकायत मिलती है तो कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने बहु और नाती को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *