कोलंबो [ News T20 ] | गंभीर आर्थिक संकट से जूझ रहे श्रीलंका को भारत ईधन की खरीद के लिए 50 करोड़ डालर (38 सौ करोड़ रुपये) की अतिरिक्त ऋण की सुविधा देगा। इस बारे में जानकारी देते हुए श्रीलंका के वित्त मंत्री अली साबरी ने कहा कि इस राशि का इस्तेमाल कच्चे तेल को खरीदने के लिए किया जाएगा। उन्होंने कहा कि विदेशी मुद्रा की कमी के चलते हम अपनी ईधन की आवश्यकताओं को पूरा करने में अक्षम हैं।

आइएमएफ से भी वित्तीय मदद पाने का कर रहा प्रयास

श्रीलंका अंतरराष्ट्रीय मुद्राकोष (आइएमएफ) से भी वित्तीय मदद पाने का प्रयास कर रहा है। लेकिन वहां से राहत पैकेज मिलने में अभी देरी हो रही है। इस बीच भारत से अतिरिक्त ऋ ण की सुविधा मिलने से उसे थोड़ी राहत मिल जाएगी। भारत ने फरवरी में भी उसे ईँधन खरीदने के लिए ऋण सुविधा दी थी। उस राशि से श्रीलंका ने भारतीय तेल कंपनी इंडियन आयल से तेल की खरीदारी की है। लेकिन अब वह राशि भी खत्म होने को है। श्रीलंका को आर्थिक संकट से निपटने के लिए कम से कम चार अरब डालर की आवश्यकता है। अली साबरी वित्तीय सहायता के लिए चीन और जापान जैसे देशों के साथ ही विश्व बैंक जैसे अंतरराष्ट्रीय संस्थानों से भी बातचीत कर रहे हैं।

गौरतलब है कि श्रीलंका में आर्थिक संकट के चलते ईधन सहित अन्य आवश्यक वस्तुओं की भारी कमी हो गई है। इससे परेशान नागरिकों ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोला हुआ है। वहां धरना-प्रदर्शन का दौर जारी है।

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *