भिलाई [न्यूज़ टी 20] पटना: पटना के शास्त्रीगर थाना क्षेत्र के दुर्गा आश्रम गली में शुक्रवार की देर रात बड़ी वारदात हुई। एक प्रेमी युवक ने पहले प्रेमिका को गोली मार दी फिर खुद के सीने में गोली मार ली। गोली लगने से युवती और युवक घायल हो गये। जख्मी हालत में दोनों को अलग-अलग अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

दोनों की हालत स्थिर है। जख्मी युवक गोपाल कुमार मूलरूप से लखीसराय के बड़हिया गढ़ लक्ष्मीपुर का रहनेवाला है और एक टेलीकॉम कंपनी में नौकरी करता है।

शास्त्रीगर के दुर्गा आश्रम गली में वह किराए का कमरा लेकर रहता है जबकि जख्मी लड़की दुर्गा आश्रम गली की रहनेवाली है। घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चा है। बताया गया है कि गोपाल कुमार जिस मकान में किराए पर रहता है, उसी मकान के पास जख्मी युवती भी रहती है।

शुक्रवार की देर रात गोपाल कुमार मकान की छत पर गया था। लड़की भी अपने मकान की छत पर मौजूद थी। इसी दौरान गोली लगने से युवती और युवक घायल हो गया। गोली की आवाज सुनकर लोग दौड़े तो पता चला कि दोनों घायल हैं। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची।

इसके बाद दोनों को अलग-अलग अस्पताल ले जाया गया। जहां दोनों का इलाज जारी है। इस मामले में शास्त्रीगर थाना प्रभारी रामशंकर सिंह का कहना है आरोपों की जांच की जा रही है। मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा होना बताया जा रहा है। जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि दोनों गोली लगने से कैसे घायल हुए।

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *