भिलाई [न्यूज़ टी 20] सागर में गढ़ाकोटा के राम वार्ड में नेपाल के रहने वाले दंपती ने फांसी लगा ली। वे डेढ़ साल के बेटे को छोड़ गए हैं। घटना के समय पति-पत्नी और बेटा घर में थे। परिवार यहां किराए से रहता था। घटना में पारिवारिक कलह सामने आई है।

इसका सबसे दुखद पहलू ये है कि डेढ़ साल का बेटा रोता रहा। रोने की आवाज सुन पड़ोसियों ने देखा, तो पति-पत्नी फंदे पर झूलते दिखे। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। मां के शव के पैरों के पास बच्चा लिपटकर रो रहा था।

पुलिस ने उसे तुरंत उठाया और चुप कराने की कोशिश की। थाना प्रभारी रजनीकांत दुबे ने दूध की बोतल मंगवाकर बच्चे को पिलाया। इसके बाद बच्चा चुप हुआ। थोड़ी देर पड़ोसियों ने संभाला। उसे खाना खिलाए।

बच्चा कुछ देर तक अन्य बच्चों के साथ खेलता रहा। इसके बाद वह सो गया। उस मासूम को आभास नहीं कि उसके सिर से माता-पिता का साया उठ गया। जिसने भी मां के पैरों के पास लेटे बेटे को देखा, उसकी आंखें नम हो गईं।

नेपाल से आकर गढ़ाकोटा में लगाते थे मोमोज का ठेला

पुलिस के अनुसार नेपाल के अक्षम निवासी केशर साहूद (28) अपनी पत्नी पशुपति साहूद (24) और डेढ़ साल के बेटे के साथ गढ़ाकोटा के राम वार्ड में किराए से रह रहे थे। वे बस स्टैंड के पास मोमोज और चाउमीन का ठेला लगाते थे।

इसी से परिवार चलता था। दंपती करीब छह महीने पहले ही गढ़ाकोटा आए थे। मामला सामने आते ही पुलिस ने पड़ोसियों ने पूछताछ की। पड़ोसियों ने बताया कि सुबह करीब 8 बजे पशुपति को दूध लेने जाते देखा था।

इसके पहले रात में घर से पति-पत्नी के बीच झगड़े की आवाजें सुनी थी। संभावना है कि पारिवारिक कलह के चलते पति-पत्नी ने सुसाइड किया है।

पति के शव पर सिर्फ अंडरवियर था

पुलिस ने शवों का पंचनामा बनाकर पीएम के लिए भेजा है। दोनों का पीएम शुक्रवार को कराया जाएगा। पंचनामा बनाते समय सामने आया कि केशव का शव अलग कमरे में था। उसने केवल अंडरवियर पहना हुआ था।

वहीं, मृतका पशुपति का शव दूसरे कमरे में फंदे पर मिला। उसके शरीर पर भी कम कपड़े थे। गढ़ाकोटा थाना प्रभारी रजनीकांत दुबे ने बताया कि जांच में मामला आत्महत्या का लग रहा है। पीएम रिपोर्ट के बाद मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा।

बच्चे को चाचा को सौंपा

सूचना मिलते ही मृतक का भाई सिद्धार्थ साहूद और जीजा भरत गढ़ाकोटा पहुंच गए। भाई और जीजा नरसिंहपुर जिले के करेली में रहते हैं। दोनों ने शवों की पहचान की।

पुलिस ने उनके सामने शवों का पंचनामा बनाकर अस्पताल में रखवाया है। वहीं, डेढ साल के बच्चे को पुलिस ने मृतक के भाई सिद्धार्थ को सौंप दिया है। बच्चा बार-बार मां को याद कर रो रहा है। उसे परिवार के लोग संभाल रहे हैं।

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *