दुनिया में कई ऐसी जगहें हैं, जो विज्ञान और रहस्य का अनोखा मेल पेश करती हैं। इन्हीं में से एक है ‘गेट टू हेल’ यानी ‘नर्क का दरवाजा’, जो तुर्कमेनिस्तान के रेगिस्तान में मौजूद है। यह कोई काल्पनिक कहानी नहीं, बल्कि एक ऐसी असली जगह है, जहां पिछले 50 सालों से लगातार आग जल रही है।
क्या है दारवाजा गैस क्रेटर?
इस जगह का असली नाम दारवाजा गैस क्रेटर (Darvaza Gas Crater) है। स्थानीय लोग इसे ‘शाइनिंग ऑफ कराकुम’ भी कहते हैं।
यह विशाल जलता हुआ गड्ढा कराकुम रेगिस्तान के बीचों-बीच, दारवाजा गांव के पास स्थित है। यहां जमीन के भीतर से लगातार प्राकृतिक गैस निकलती रहती है, जिसकी वजह से आग कभी बुझती नहीं।
1971 में कैसे बना ‘नर्क का दरवाजा’?
इस रहस्यमयी गड्ढे की कहानी साल 1971 से शुरू होती है। उस समय सोवियत संघ के भूवैज्ञानिक तुर्कमेनिस्तान में प्राकृतिक गैस की खोज कर रहे थे। खुदाई के दौरान अचानक जमीन के नीचे मौजूद गैस चैंबर धंस गया और वहां एक विशाल गड्ढा बन गया।
जहरीली गैस रोकने के लिए लगाई गई आग
धंसाव के बाद गड्ढे से जहरीली गैस निकलने लगी, जिससे आसपास के इलाकों में खतरा बढ़ गया। स्थिति को संभालने के लिए वैज्ञानिकों ने गैस में आग लगा दी, ताकि गैस जलकर खत्म हो जाए। उस वक्त इंजीनियरों को लगा था कि आग कुछ हफ्तों में बुझ जाएगी, लेकिन अनुमान पूरी तरह गलत साबित हुआ। आग आज भी जल रही है और पिछले पांच दशकों से यह सिलसिला जारी है।
प्राकृतिक गैस का विशाल भंडार है वजह
विशेषज्ञों के मुताबिक, आग के इतने लंबे समय तक जलते रहने की मुख्य वजह तुर्कमेनिस्तान में मौजूद प्राकृतिक गैस का विशाल भंडार है। यह देश दुनिया में प्राकृतिक गैस भंडारण में चौथे स्थान पर आता है। दिलचस्प बात यह है कि इस पूरी घटना से जुड़े आधिकारिक सरकारी रिकॉर्ड बहुत सीमित या गोपनीय माने जाते हैं।
कितना बड़ा और खतरनाक है यह गड्ढा?
दारवाजा गैस क्रेटर की चौड़ाई करीब 60 से 70 मीटर है और इसकी गहराई लगभग 98 फीट बताई जाती है। रात के समय इस गड्ढे से उठती आग की लपटें कई किलोमीटर दूर से साफ दिखाई देती हैं, जो इसे और भी डरावना बना देती हैं।
अब धीरे-धीरे बुझ रही है आग?
हाल ही में तुर्कमेनिस्तान की सरकारी गैस कंपनी ‘तुर्कमेंगैस’ ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि दारवाजा गैस क्रेटर में जल रही आग धीरे-धीरे कम हो रही है। विशेषज्ञों का मानना है कि गैस का दबाव कम होने से आने वाले वर्षों में यह आग पूरी तरह बुझ सकती है।
पर्यटन और रहस्य का अनोखा संगम
आज यह जगह पर्यटकों के लिए एक बड़ा आकर्षण बन चुकी है। विज्ञान, रोमांच और रहस्य में रुचि रखने वाले लोग इसे देखने दूर-दूर से आते हैं।