सिनेमाहॉल हो या टीवी या फिर ओटीटी, हॉरर का क्रेज दर्शकों के बीच कम नहीं हुआ। सालों पहले भी हॉरर फिल्मों और शोज को लेकर वही दीवानगी देखने को मिलती थी, जो आज के समय में देखने को मिलती है। जब भी कोई नई हॉरर फिल्म या सीरीज आती है, देखते ही देखते बॉक्स ऑफिस पर छा जाती है।
लेकिन, आज हम आपको एक ऐसे हॉरर शो के बारे में बताएंगे, जिसने 33 साल पहले टीवी स्क्रीन पर दस्तक दी थी और दर्शकों को इतना डराया कि लोग इसे देखने के बाद किचन में अकेले पानी लेने जाने से भी डरते थे। 1993 में आया ये टीवी शो अपने समय के सबसे डरावने टीवी शोज में से एक था और इसके निर्माता भी कोई और नहीं रामसे ब्रदर्स थे, जिन्होंने ‘वीराना’ और ‘पुराना मंदिर’ जैसी भूतिया फिल्म से दर्शकों के होश उड़ा दिए थे।
33 साल पहले आया था हॉरर शो
हम बात कर रहे हैं 1993 में आए हॉरर शो ‘जी हॉरर शो’ की, जो जी टीवी पर आता था। बताया जाता है कि मेकर्स ने पहले इस शो के सिर्प 24 एपिसोड बनाने की ही डील की थी। लेकिन, जब ये टीवी पर आया तो टीआरपी और व्यूअरशिप के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए।
दर्शकों से इसे जो रिस्पॉन्स मिला उसे देखकर मेकर्स ने अपना मन बदल लिया और फिर ये 24 एपिसोड 364 एपिसोड में बदल गया और लगातार 9 साल तक दर्शकों को डराता रहा। ये अपने दौर का सबसे खौफनाक शो कहा जाता था, जिसे अकेले देखना किसी के बस की बात नहीं थी।
जी हॉरर शो के कलाकार
इसी टीवी शो में उस दौर के फेमस एक्टर पंकज धीर, अर्चना पूरन सिंह और शगुफ्ता अली जैसे बड़े स्टार नजर आए थे। इस धारावाहिक में अलग-अलग कहानियां दिखाई जाती थीं। हर तीन से चार एपिसोड तक एक कहानी चलाई जाती और दर्शकों को खूब डराया जाता।
शो की थीम और कंटेंट दर्शकों को खूब पसंद आया और शुरुआती एपिसोड्स के साथ ही ये लोकप्रिय भी हो गया। इस शो में रामसे ब्रदर्स ने अपनी ही फिल्म ‘पुराना मंदिर’ का थीम म्यूजिक इस्तेमाल किया था। पहले शो का नाम ‘जी हॉरर शो’ था, जिसे बाद में बदलकर ‘अनहोनी’ कर दिया गया।
हर एपिसोड ने जीता दिल
जी हॉरर शो की सबसे खास बात थी कि हर तीन से चार एपिसोड के बाद एक नई कहानी होती और हर कहानी सस्पेंस और खौफ से भरी होती थी। भूत, आत्मा और तंत्र-मंत्र से भरी ये कहानियां दर्शकों के बीच काफी पॉपुलर भी हुईं और दर्शकों को खूब डराया भी। आज के समय में भी जब 90 के सबसे डरावने शोज का जिक्र होता है तो जी हॉरर शो का नाम सबसे पहले लिया जाता है। दर्शक अब ये हॉरर सो यूट्यूब पर भी देख सकते हैं। आईएमडीबी पर 90 के दशक के इस टॉप हॉरर शो को 8.1 रेटिंग मिली है।