यूक्रेन ने रूस को बुरी तरह दहलाया, तेल टर्मिनल, लड़ाकू विमानों और जहाजों को किया तबाह...

यूक्रेन की सेना ने रूस को बहुत बड़ा झटका दिया है। सामने आई जानकारी के मुताबिक, यूक्रेन ने रूस की धरती पर बड़े स्तर पर सिलसिलेवार हमलों को अंजाम दिया है और तेल टर्मिनल, एक पाइपलाइन, दो खड़े हुए जेट लड़ाकू विमानों और दो जहाजों को निशाना बनाया है। यूक्रेनी अधिकारियों की ओर से सोमवार को इस बात की जानकारी दी गई है। आपको बता दें कि रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध को करीब 4 साल का समय बीत चुका है। वर्तमान में यूक्रेन के सैनिक अपने से कहीं ज्यादा बड़ी रूसी सेना को रोकने की कोशिश में लगे हुए हैं।

यूक्रेन ने क्या बताया?

यूक्रेन के जनरल स्टाफ ने सोमवार को जानकारी दी है कि उनकी सेना ने रूसी इलाके और रूस के कब्जे वाले यूक्रेनी इलाके के भीतर स्थित तमननेफ्तेगाज तेल टर्मिनल, एक हथियार डिपो और हमलावर ड्रोन के लॉन्च साइट को निशाना बनाया है। यूक्रेन ने बताया है कि दक्षिणी क्रास्नोडार इलाके में एक पाइपलाइन, दो डॉक और दो जहाजों को क्षतिग्रस्त कर दिया गया है और इनमें भीषण आग लग गई है। लेकिन यूक्रेन ने इस बात की जानकारी नहीं दी है कि उसने इस हमले के लिए कौन से हथियारों का इस्तेमाल किया है।

रूस के दो लड़ाकू विमानों को तबाह करने का दावा

यूक्रेन की सैन्य खुफिया जानकारी के मुताबिक, उन्होंने रविवार की शाम को पश्चिमी रूस के शहर लिपेत्स्क के पास एक अड्डे पर भी एक ऑपरेशन चलाया है। इस ऑपरेशन में यूक्रेन ने रूस के दो लड़ाकू विमानों में आग लगा दी है। यूक्रेन के इन दावों के बीच रूस के रक्षा मंत्रालय ने जानकारी दी है कि उसने रात के दौरान यूक्रेन के 41 ड्रोन को मार गिराया है।

मॉस्को में रूस के जनरल की मौत

आपको बता दें कि सोमवार को दक्षिणी मॉस्को में एक रूसी जनरल की मौत हो गई है। उनकी कार के नीचे विस्फोटक लगाया गया था जिसमें धमाका होने के कारण उनकी मौत हो गयी। इस घटना के पीछे यूक्रेन का हाथ होने का शक जताया गया है। 

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *